Goa Double Murder: गोवा में दो रूसी महिलाओं की बेरहमी से हत्या, रूसी नागरिक एलेक्सी लियोनोव गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Jan 17, 2026 - 03:32 PM (IST)
गोवा: उत्तरी गोवा के मोरजिम और अरंबोल इलाकों में दो रूसी महिलाओं की नृशंस हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इन दोनों हत्याओं के मामले में 37 वर्षीय रूसी नागरिक एलेक्सी लियोनोव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने दो अलग-अलग जगहों पर दो महिलाओं की बेरहमी से हत्या की।
पुलिस के अनुसार, मृतक महिलाओं की पहचान एलेना वनीवा और एलेना कस्थानोवा के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं रूसी नागरिक थीं और आरोपी एलेक्सी लियोनोव की जान-पहचान में थीं। बताया जा रहा है कि 14 जनवरी की रात करीब 11 बजे आरोपी ने मोरजिम इलाके में एलेना वनीवा के किराए के कमरे में घुसकर चाकू से उसका गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मकान मालकिन ने पुलिस को दी, जिसके बाद जांच शुरू हुई।
इसके अगले ही दिन यानी 15 जनवरी को आरोपी मोरजिम से करीब आठ किलोमीटर दूर अरंबोल गांव पहुंचा। वहां उसने दूसरी महिला एलेना कस्थानोवा से मुलाकात की, जो कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक उसकी लिव-इन पार्टनर भी थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पहले महिला को बांधा और फिर धारदार हथियार से उसका गला काटकर हत्या कर दी।
दोनों महिलाओं के शव शुक्रवार को बरामद किए गए, जो एक कमरे में सड़े-गले हालात में पाए गए। मांड्रेम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके।
पुलिस ने आरोपी एलेक्सी लियोनोव को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या और धारा 126(2) के तहत गलत तरीके से बंधक बनाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
