बेंगलुरु में लव ट्रायंगल मर्डर, टीवी एक्ट्रेस समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 11:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कर्नाटक की राजधानी Bengaluru के मंजूनाथनगर इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक व्यक्ति की कथित तौर पर साजिश के तहत हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक कन्नड़ टीवी और फिल्म अभिनेत्री भी शामिल है। मृतक की पहचान मोहन कृष्णा राव के रूप में हुई है। यह घटना 18 फरवरी 2026 की बताई जा रही है।

रिश्तों के उलझाव से हत्या तक

पुलिस जांच के अनुसार, मोहन राव अपनी लिव-इन पार्टनर उर्मिला उर्फ बिंदु के साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि महिला ने हाल के महीनों में विनय नामक युवक के साथ संबंध बनाए और उससे विवाह करने की योजना बनाई। जांच में सामने आया कि मोहन इस रिश्ते में बाधा बन रहे थे। इसी कारण कथित तौर पर बिंदु, विनय और उसके दोस्त धनुष ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

पार्टी की रात बना वारदात का मंच

18 फरवरी की रात घर में एक छोटी पार्टी रखी गई थी। आरोप है कि शराब के दौरान विवाद बढ़ गया। इसके बाद विनय ने मोहन पर चाकू से कई वार किए, जबकि धनुष ने सहयोग किया। जांच में यह भी सामने आया कि शोर रोकने के लिए मुंह पर टेप लगाया गया और हाथ-पैर बांध दिए गए। शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चाकू के घाव और दम घुटने को मौत की वजह बताया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

12 दिन बाद बदबू से खुला राज

करीब 12 दिन बाद पड़ोसियों ने घर से दुर्गंध आने की शिकायत की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंदर से सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद किया। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है।

फिल्म और टीवी में छोटे रोल कर चुकी है आरोपी

गिरफ्तार महिला आरोपी ने कन्नड़ फिल्मों में छोटे किरदार निभाए थे। वह क्षेत्रीय टीवी और सिनेमा से जुड़ी रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है और यह भी जांच की जा रही है कि हत्या की साजिश कब और कैसे रची गयी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

SHUKDEV PRASAD

Related News