गोवा: मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास योजना के तहत 131 परियोजना प्रस्तावों की समीक्षा की

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 04:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को राज्य सरकार की ग्रामीण विकास योजना के तहत परियोजनाओं के लिए 131 प्रस्तावों की समीक्षा की और इसके लिए अतिरिक्त आवंटन की घोषणा की। सावंत ने ग्रामीण विकास विभाग की 'गोवा ग्राम समृद्धि योजना' (जीजीएसवाई) के तहत प्रस्तावों की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की और कहा कि इस व्यापक समीक्षा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास राज्य के हर कोने तक पहुंचे। 

बैठक के दौरान समृद्धि योजना के तहत समान वितरण और प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि सभी 40 विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों द्वारा अनुशंसित कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि योजना के तहत प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में कम से कम एक परियोजना का कार्यान्वयन हो। 

मुख्यमंत्री ने योजना के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाने की भी घोषणा की, जिसमें आगामी वित्तीय वर्ष में मौजूदा 20 करोड़ रुपये के आवंटन के अलावा अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया गया ताकि सार्वजनिक अवसंरचना और सामुदायिक विकास कार्यों का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित हो सके। 

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गोवा सरकार संतुलित क्षेत्रीय विकास और राज्य की नींव को मजबूत करने वाली जमीनी स्तर की परियोजनाओं के त्वरित कार्यान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। सावंत ने कहा, "समृद्धि योजना के माध्यम से हम पूरे गोवा में मजबूत और बेहतर ढंग से जुड़े समुदायों का निर्माण कर रहे हैं।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News