भारत की बढ़ेगी ताकत... रूस से खरीदने जा रहा 5 नए S-400 एयर डिफेंस सिस्टम

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 08:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारत अपनी वायु सुरक्षा ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा रहा है। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली रूस से S-400 एयर डिफेंस सिस्टम के पांच अतिरिक्त स्क्वाड्रन खरीदने की तैयारी में है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही भारतीय वायुसेना के पास कुल 10 S-400 सिस्टम हो सकते हैं, जिससे देश की एयर डिफेंस क्षमता में बड़ा इजाफा होगा।

नई खरीद पर तेजी

समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय वायुसेना ने पांच और S-400 स्क्वाड्रन की खरीद का प्रस्ताव आगे बढ़ाया है। रक्षा मंत्रालय इस पर औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर सकता है। इन सिस्टम्स की तैनाती पूर्वी और पश्चिमी दोनों मोर्चों पर किए जाने की संभावना है, ताकि दो-फ्रंट सुरक्षा रणनीति को मजबूती मिल सके।

भारत और रूस के बीच 2018 में S-400 के पांच स्क्वाड्रन की डील हुई थी। इनमें से तीन सिस्टम पहले ही शामिल होकर ऑपरेशनल बताए जा रहे हैं, जबकि बाकी की सप्लाई प्रक्रिया जारी है।

‘सुदर्शन’ की बढ़ी भूमिका

भारतीय वायुसेना में S-400 को ‘सुदर्शन’ नाम दिया गया है। रक्षा अधिकारियों का दावा है कि हालिया सैन्य अभियानों के दौरान इस सिस्टम ने लंबी दूरी से दुश्मन के विमानों और मिसाइलों को निष्क्रिय करने की क्षमता दिखाई है। यही वजह है कि इसे भविष्य की रणनीतिक जरूरतों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

वैश्विक परिप्रेक्ष्य में सौदा

यह खरीद ऐसे समय में हो रही है जब दुनिया भर में एयर डिफेंस सिस्टम्स की प्रभावशीलता पर बहस तेज है। कुछ देशों के सिस्टम आधुनिक हथियारों के सामने अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए, जिससे उन्नत और बहुस्तरीय वायु रक्षा की जरूरत पर जोर बढ़ा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News