ओडिशा में गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं, IMD ने 28 मई तक लू चलने का पूर्वानुमान जताया

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 11:42 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को ओडिशा में 28 मई तक लू की स्थिति जारी रहने का पूर्वानुमान जताया। राज्य के पश्चिमी क्षेत्र में पांच स्थानों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। औद्योगिक शहर झारसुगुड़ा में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद संबलपुर, हीराकुड, टिटलागढ़ और बौध में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शाम के बुलेटिन में कहा कि झारसुगुड़ा, संबलपुर और बोलांगीर जिलों के कुछ स्थानों पर लू चलने का अनुमान है जबकि बोलांगीर जिले के कुछ स्थानों पर रात में भी गर्मी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने रविवार को इन जिलों के लिए लू की स्थिति को लेकर 'ऑरेंज अलर्ट' (तैयार रहें) जारी किया है।

इसके अलावा, रविवार को बौध जिले के कुछ हिस्सों में लू चलने की आशंका जताई गई है, जबकि बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, कंधमाल, रायगढ़ा, गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ में गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बनी रहेगी। इन जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' (सावधान रहें) जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में राज्य में अधिकतम तापमान या दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। बुलेटिन में कहा गया कि इसके बाद अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

इसी बीच, राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने नागरिकों को घर के अंदर रहने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से दोपहर के व्यस्त समय में बाहरी गतिविधियों से बचने और बार-बार पानी पीने का भी आग्रह किया। मंत्री ने कहा, "यदि आप घर से बाहर निकल रहे हैं तो हल्के सूती कपड़े पहनें और पानी की बोतल व छाता साथ रखें।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News