ओडिशा में चिलचिलाती गर्मी से तत्काल राहत की उम्मीद नहीं, इस महीने अब तक तीन लोगों की मौत

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 01:14 AM (IST)

नेशनल डेस्क : ओडिशा में इस महीने "लू से संबंधित घटनाओं" में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है और राज्य के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी तथा उमस जैसी स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) कार्यालय के अनुसार, मई माह में लू लगने से 16 लोगों की मौत की खबर प्राप्त हुई है।

वहीं, उप एसआरसी पद्मनाव बेहरा ने पत्रकारों से कहा, "इन 16 मामलों में से संबंधित जिलाधिकारियों ने लू से संबंधित घटनाओं के कारण तीन मौतों की पुष्टि की है। शेष मामलों की जांच जारी है।" राजस्व विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि तीनों मौत पश्चिमी ओडिशा के बोलांगीर, सुंदरगढ़ और सोनपुर जिलों में हुई हैं, जहां पिछले एक सप्ताह से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

इस बीच, मौसम विभाग ने पूर्वानुमान व्यक्त किया है कि राज्य के 30 में से 26 जिलों में लू की स्थिति जारी रहेगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (भुवनेश्वर) की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, "शनिवार को झारसुगुड़ा, संबलपुर और बोलंगीर जिलों में भीषण गर्मी रहने का अनुमान है। इन तीनों जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।" इसने शनिवार की दोपहर और शाम के दौरान 24 जिलों में गरज के साथ बूंदाबांदी, आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाओं की भी भविष्यवाणी की है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News