Patna School Timing Change: भीषण गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला, DM का आदेश जारी, जानें नई टाइमिंग
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 07:47 AM (IST)
Patna School Timing Change: बिहार की राजधानी पटना में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज धूप को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। भीषण गर्मी और हीटवेव जैसी स्थिति के बीच अब कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।
पटना के जिलाधिकारी Dr. Thyagarajan SM ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सुबह 11 बजे के बाद बच्चों से किसी भी प्रकार की पढ़ाई, खेलकूद या अन्य गतिविधियां नहीं कराई जाएंगी। प्रशासन का मानना है कि दोपहर के समय तापमान बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है, जिससे छोटे बच्चों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसी वजह से स्कूलों को अपनी टाइमिंग बदलने और बच्चों को धूप से बचाने के निर्देश दिए गए हैं।

यह आदेश 18 मई 2026 से लागू होगा और 21 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने साफ किया है कि यह नियम सिर्फ स्कूलों पर ही नहीं बल्कि प्री-स्कूल, प्ले स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्रों पर भी लागू होगा। मौसम विभाग की ओर से भी बिहार में तेज गर्मी और लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे बच्चों को जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने दें और उन्हें पर्याप्त पानी व ठंडे वातावरण में रखें।
स्कूल प्रबंधन से कहा गया है कि वे नई समय-सारणी के अनुसार ही कक्षाएं संचालित करें ताकि बच्चों को गर्मी से होने वाली परेशानी से बचाया जा सके। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन आगे भी हालात पर नजर बनाए हुए है।
