Delhi weather: दिल्ली-NCR में गर्मी से राहत, जोरदार बारिश से अचानक बदला मौसम का मिजाज, येलो अलर्ट जारी

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 09:45 AM (IST)

Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर में लोगों को चिलचिलाती गर्मी से थोड़ी राहत मिली।  मौसम ने आज सुबह अचानक करवट ले ली है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई है, जिससे लंबे समय से चल रही गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। नई दिल्ली में भी कुछ इलाकों पर जोरदार बारिश देखने को मिली, जिसके बाद लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली वहीं तापमान में  भी गिरावट महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद वातावरण में तेजी से बदलाव हुआ है। बादलों के बनने और हवा के दबाव में बदलाव के कारण गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं जैसी स्थितियां बन रही हैं। बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली में न्यूनतम तापमान में लगभग 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। इससे लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिली है।

येलो अलर्ट जारी
इसके साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के अनुसार, आंधी-तूफान के दौरान हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में तेज बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। मुंबई और आसपास के इलाकों जैसे रायगढ़ और रत्नागिरी में भी मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ घंटों में इन इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

  IMD के मुताबिक, रविवार को दिल्ली में मौसम अधिकतर साफ रहने की संभावना है। हालांकि कुछ जगहों पर लू चल सकती है और तेज हवाएं भी महसूस की जा सकती हैं। दिन के समय हवा की रफ्तार लगभग 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। वहीं तापमान फिर से बढ़ सकता है। अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि कई इलाकों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा रह सकता है, जिससे गर्मी फिर से बढ़ने की आशंका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News