नुपुर शर्मा का कुछ पता नहीं, दिल्ली पुलिस नहीं कर रही सहयोग: मुंबई पुलिस

punjabkesari.in Saturday, Jun 18, 2022 - 12:16 AM (IST)

मुंबईः पैगंबर मोहम्मद के बारे में विवादित टिप्पणियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निलंबित नेता नुपुर शर्मा को समन देने के लिए दिल्ली गई मुंबई पुलिस की एक टीम उन्हें नहीं ढूंढ पाई है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यहां यह दावा किया। 

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस भी अपेक्षित सहयोग नहीं कर रही है, जिसके चलते उन्होंने ईमेल के जरिये शर्मा को समन भेज दिया है। मुंबई के पायधुनी थाने की एक टीम शर्मा को व्यक्तिगत रूप से समन सौंपने के लिए बीते पांच दिन से दिल्ली में है। समन में उन्हें जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। शर्मा के खिलाफ 28 मई को पायधुनी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

यह प्राथमिकी एक टीवी चैनल पर परिचर्चा के दौरान पैगंबर मोहम्मद के बारे में की गई टिप्पणी के लिए दर्ज की गई थी, जिसको लेकर विवाद खड़ा हो गया था। शर्मा को बयान दर्ज कराने के लिए 25 जून को पूर्वाह्न 11 बजे पायधुनी थाने में पेश होने के लिए कहा गया है। अधिकारी ने आरोप लगाया कि दिल्ली पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया क्योंकि शर्मा का कुछ पता नहीं चल पा रहा है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने ''अपेक्षित सहयोग'' नहीं किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद पुलिस ने शर्मा को ईमेल के जरिए समन भेजा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News