मोदी सरकार के नौ वर्ष: देशभर में केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों ने उपलब्धियां पर प्रकाश डाला

punjabkesari.in Monday, May 29, 2023 - 11:40 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय मंत्रियों और कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सत्ता में नौ साल पूरे होने के मौके पर सोमवार को देशभर में उसकी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, वहीं सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने 2024 में सरकार के फिर से सत्ता में आने का भरोसा जताया। वैश्विक स्तर पर भारत के ‘‘बढ़ते'' कद से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा पर जोर, गरीबों के लिए आवास और शौचालय जैसे कल्याणकारी कदम, पाइप से पानी की आपूर्ति को बढ़ावा देना, बुनियादी ढांचा विकास और विनिर्माण क्षेत्र में तेजी लाने के प्रयास उन पहलों में शामिल हैं, जिन्हें भाजपा नेताओं ने देश के हर राज्य में आयोजित संवाददाता सम्मेलनों में उल्लेखित किया।

भाजपा ने एक बयान में कहा कि देश में हर क्षेत्र में "अभूतपूर्व" विकास हुआ है और "राष्ट्र प्रथम" के मंत्र ने मोदी की नीतियों का मार्गदर्शन किया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ साल के कार्यकाल में जहां एक तरफ दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है, वहीं देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा सुदृढ़ हुई है और आज भारत को कोई आंख दिखाने की हिमाकत नहीं कर सकता।

मोदी सरकार के कार्यकाल के नौ साल पूरे होने पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘मीडिया संवाद' में योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के शासन में वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ा है।'' उन्होंने कहा कि गरीबों का कल्याण और अवसंरचना विकास जैसे चार स्तंभों को मोदी सरकार ने बीते नौ साल में मजबूत आधार प्रदान किया है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले नौ साल में बदली हुई परिस्थितियों को हम सब ने न केवल महसूस किया है बल्कि हमने इस दौरान नये भारत का दर्शन भी किया है, आज का भारत चार महत्वपूर्ण स्तंभों पर खड़ा है।''

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुवाहाटी में कहा कि 2014 से पहले पूर्वोत्तर के मद में रेलवे का आवंटन 2,000 करोड़ रुपये था लेकिन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में यह बढ़कर 10,200 करोड़ रुपये हो गया है जिससे क्षेत्र में परियोजनाओं को पूरा करने में तेजी आई है। उन्होंने सेमी-हाई स्पीड गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत से पहले गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से कहा कि जून तक उन सभी राज्यों में जहां विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो गया है, वहां वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News