UP में बसने जा रहा है New Noida - 80 गांव की ज़मीन पर बनेगा आधुनिक शहर, 16 हजार किसान परिवारों की बदलेगी किस्मत!
punjabkesari.in Thursday, Oct 02, 2025 - 02:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश अब सिर्फ गांव और कस्बों का प्रदेश नहीं रहने वाला। सरकार की नई योजना के तहत प्रदेश के नक्शे पर एक नया और अत्याधुनिक शहर उभरने जा रहा है - नाम होगा न्यू नोएडा। यह शहर 80 गांवों की ज़मीन पर तैयार किया जाएगा, जिससे न केवल क्षेत्र का विकास होगा, बल्कि 16,000 किसान परिवारों को भी आर्थिक रूप से बड़ी राहत मिलेगी।
कहां बसाया जाएगा न्यू नोएडा?
नोएडा अथॉरिटी की योजना के मुताबिक, यह नया शहर डीएनजीआइआर (DNGIR) के नाम से विकसित किया जाएगा। इसके लिए गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर जिलों के कुल 80 गांव अधिसूचित किए जा चुके हैं। अब इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य के लिए नोएडा अथॉरिटी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
पहला कदम: मुआवज़े की दर और जमीन अधिग्रहण
शहर बसाने के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। हालांकि, किसानों को बाजार दर से मुआवजा देने और आपसी सहमति से जमीन लेने का प्रस्ताव है। अगले हफ्ते बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारियों के साथ नोएडा अथॉरिटी की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है, जिसमें मुआवज़े की दर तय की जाएगी।
पहला चरण: 3165 हेक्टेयर ज़मीन का अधिग्रहण
प्रारंभिक चरण में 15 गांवों की जमीन ली जाएगी, जिनमें से हर गांव में औसतन 200 किसान परिवार रहते हैं। कुल मिलाकर यह संख्या 16,000 परिवारों तक पहुंचती है। इन परिवारों से बातचीत कर जमीन ली जाएगी, और जोखाबाद व सांवली गांवों में डीएनजीआइआर का अस्थायी कार्यालय भी स्थापित होगा।
कुल क्षेत्रफल और फेज-वाइज विकास
न्यू नोएडा को कुल 209.11 वर्ग किमी (यानी लगभग 20,911 हेक्टेयर) में बसाने की योजना है। यह प्रोजेक्ट चार चरणों में पूरा किया जाएगा:
वर्ष अधिग्रहण क्षेत्र (हेक्टेयर)
2023 - 2027 3165
2027 - 2032 3798
2032 - 2037 5908
2037 - 2041 8230
निवेश और रोजगार के नए अवसर
न्यू नोएडा के पहले फेज के विकास में 8,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है। इसके लिए नोएडा अथॉरिटी ने 1,000 करोड़ रुपये का बजट पहले ही सुरक्षित कर लिया है। पूरी योजना पर करीब 50,000 करोड़ रुपये का खर्च आ सकता है। इससे एक लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है- प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों रूपों में।
किसानों को क्या होगा लाभ?
किसानों की ज़मीन बाजार दर पर ली जाएगी
इच्छुक किसानों को भूमि पूलिंग स्कीम में भी शामिल किया जाएगा
विकसित भूमि का हिस्सा किसानों को भी वापस मिलेगा
उन्हें व्यावसायिक या आवासीय प्लॉट का विकल्प दिया जा सकता है
लैंड यूज़ प्लान (New Noida Land Use Map)
उपयोग क्षेत्रफल (हेक्टेयर)
आवासीय 2477
वाणिज्यिक 905.97
संस्थागत (PSP) 1682.15
फैसिलिटी/यूटिलिटी 198.85
औद्योगिक 8811
हरित क्षेत्र/पार्क 3173.94
मनोरंजनात्मक 420.60
जल निकाय 150.65
परिवहन 3282.59
शुरुआती तीन ‘अर्ली बर्ड प्रोजेक्ट्स’
इस योजना के साथ-साथ तीन बड़े प्रोजेक्ट्स को भी जोड़ा गया है जो न्यू नोएडा की रीढ़ साबित होंगे:
इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप - ग्रेटर नोएडा
मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब - बोड़ाकी
मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब - दादरी
न्यू नोएडा: भविष्य का मेट्रोपोलिटन हब
इस नए शहर की अनुमानित जनसंख्या करीब 6 लाख होगी, जिनमें से 3.5 लाख लोग माइग्रेटेड (अन्य क्षेत्रों से आए हुए) हो सकते हैं। साथ ही यह शहर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और जीटी रोड के नजदीक स्थित होगा, जिससे कनेक्टिविटी जबरदस्त रहेगी।