हो जाएं सावधान! आ रहा नया चक्रवाती तूफान शक्ति, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
punjabkesari.in Sunday, Oct 05, 2025 - 02:15 AM (IST)

पुणे: देश के पश्चिमी तट पर नया चक्रवाती तूफान “शक्ति” अपना असर दिखाने को तैयार है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, तूफान चार से सात अक्टूबर तक इन राज्यों में अपने प्रभाव के चरम पर होगा।
महाराष्ट्र में खतरा
मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके अलावा उत्तरी महाराष्ट्र के तटवर्ती इलाकों में हवाओं की गति 45-55 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़कर कुछ जगहों पर 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।पुणे, सिंधुदुर्ग, अहिल्यानगर, कोल्हापुर घाट और लातूर जैसे जिले भारी से बहुत भारी बारिश के लिए अलर्ट पर हैं। मौसम विभाग ने लोगों को घर से अनावश्यक बाहर न निकलने और नदी, नाले या समुद्री किनारे से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
गुजरात में असर
गुजरात में भी तूफान का प्रभाव देखा जाएगा। वहां तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। प्रशासन ने जरूरी सेवाओं को सक्रिय कर रखा है और लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया है।
चक्रवात का नाम “शक्ति” क्यों?
चक्रवात का नाम “शक्ति” श्रीलंका द्वारा सुझाया गया है। डब्ल्यूएमओ/ईएससीएपी पैनल के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के आसपास के 13 देशों द्वारा चक्रवातों के नाम सुझाए जाते हैं। नामकरण का उद्देश्य लोगों में चेतना बढ़ाना और चेतावनी प्रणाली को प्रभावी बनाना है।
पिछले अनुभव और खतरे
हाल के वर्षों में अरब सागर में “तौकते” (2021) और “बिपरजॉय” (2023) जैसे चक्रवात आए थे। हालांकि बंगाल की खाड़ी की तुलना में अरब सागर में कम तूफान देखे गए हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी तट के लिए “शक्ति” काफी गंभीर साबित हो सकता है।
सावधानी और तैयारियां
मौसम विभाग और राज्य प्रशासन ने लोगों को तटीय इलाकों से हटने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और बारिश और तेज हवाओं के दौरान वाहनों का प्रयोग न करने की सलाह दी है। आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया है और सभी जिलों में राहत शिविरों की व्यवस्था की गई है।