पहलगाम हमले के बाद नौसेना का बड़ा युद्धाभ्यास, समंदर के बीचो-बीच हुई फायरिंग ड्रिल

punjabkesari.in Thursday, May 01, 2025 - 04:07 PM (IST)

नेशनल डेस्क. पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत अपनी समुद्री सुरक्षा को लेकर और भी सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में भारतीय नौसेना 30 अप्रैल से 3 मई तक गुजरात के तट के पास अरब सागर में एक बड़ा सैन्य अभ्यास कर रही है। इस अभ्यास के दौरान नौसेना के युद्धपोतों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखने के लिए कहा गया है।  हाल ही में भारतीय नौसेना ने अपने जंगी जहाजों से एंटी-शिप मिसाइलों की फायरिंग करके लंबी दूरी तक सटीक निशाना साधने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया था। अब इस नए अभ्यास में मिसाइल फायरिंग और युद्धाभ्यास जैसे कई तरह के सैन्य गतिविधियां शामिल हैं।

PunjabKesari

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में नौसेना और भी कई तरह के शक्ति प्रदर्शन और अभ्यास करने की योजना बना रही है। इसके साथ ही भारतीय कोस्ट गार्ड ने भी गुजरात तट से दूर अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास अपने जहाज तैनात कर दिए हैं और वे नौसेना के साथ मिलकर निगरानी बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

PunjabKesari

भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि इस अभ्यास के दौरान की गई मिसाइल फायरिंग का मकसद लंबी दूरी तक सटीक हमला करने के लिए उनके प्लेटफॉर्म, सिस्टम और नौसैनिकों की तैयारी को जांचना और दिखाना था। नौसेना ने अरब सागर में अपने युद्धपोत तैनात किए हैं और इस अभ्यास का मुख्य लक्ष्य युद्ध की स्थिति में नौसेना की तैयारी और भारत के समुद्री हितों की रक्षा करने की उसकी क्षमता को प्रदर्शित करना है।

इससे पहले भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सूरत ने अरब सागर में मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल (MR-SAM) वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली का सफल परीक्षण किया था। यह परीक्षण पाकिस्तान की नौसेना द्वारा अरब सागर में सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल के परीक्षण से पहले हुआ था। आईएनएस सूरत का यह अभ्यास काफी सफल रहा था। MR-SAM मिसाइलें सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों और अन्य हवाई लक्ष्यों के खिलाफ बहुत प्रभावी हैं। भारतीय नौसेना ने एक्स पर यह भी लिखा कि उनके नए स्वदेशी मिसाइल विध्वंसक आईएनएस सूरत ने समुद्र में एक लक्ष्य पर सटीक हमला करने का सफल अभ्यास किया है, जो उनकी रक्षा क्षमताओं को और मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण कदम है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News