भारत से तनातनी के बीच पाकिस्तानी सेना पर एक और बड़ा हमला, IED ब्लास्ट में 10 की मौत

punjabkesari.in Saturday, Apr 26, 2025 - 06:13 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले के बाद भारत के ऐक्शन के डर से पाकिस्तान घबराया हुआ है। पाकिस्तान को भारत की तरफ से जवाबी कार्रवाई का डर सता है। आतंकी हमले के तत्काल बाद पाकिस्तान ने अपनी वायुसेना को अलर्ट कर दिया था। वहीं इन सबके बीच शुक्रवार को पाकिस्तानी सेना पर एक बड़ा हमला हुआ है। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में यह हमला हुआ, जिसमें पाकिस्तान सेना के दस जवान मारे गए हैं। यह हमला मार्गट इलाके में स्थित एक सैन्य काफिले पर किया गया, जब बम निरोधक दस्ते के वाहन को निशाना बनाकर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से विस्फोट किया गया।​

हमले की जिम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है। BLA के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने एक बयान में कहा कि उनके लड़ाकों ने रिमोट कंट्रोल से IED हमला करके पाकिस्तानी सेना के काफिले को निशाना बनाया। इस ऑपरेशन में सैन्य वाहन पूरी तरह से नष्ट हो गया और उसमें सवार सभी दस जवान मारे गए।​

इससे पहले, पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा था कि फ्रंटियर कांस्टेबुलरी (FC) के चार कर्मियों की मौत हुई है। लेकिन बाद में BLA के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि उनके हमले में दस सैन्य कर्मियों की मौत हुई है।​

यह हमला बलूचिस्तान में चल रहे विद्रोह और पाकिस्तान सेना के खिलाफ बढ़ते हमलों की श्रृंखला का हिस्सा है। BLA ने हाल के महीनों में बलूचिस्तान में लगातार पाकिस्तानी सेना और सरकार के लोगों को निशाना बनाया है। विशेषज्ञों के अनुसार, BLA का उद्देश्य बलूचिस्तान को पाकिस्तान से स्वतंत्र करना और क्षेत्रीय संसाधनों पर स्थानीय नियंत्रण स्थापित करना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News