अंतरिक्ष में इतिहास रचने का मौका: NASA ने स्पेस यात्रियों की नई भर्ती की शुरू, जानें अप्लाई करने की अंतिम तिथि व ट्रेनिंग प्लान
punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 12:09 PM (IST)
Washington: चांद पर कदम रखने और वहां इंसानों की स्थायी बस्ती बसाने का सपना देखने वालों के लिए अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने नए अवसर के दरवाजे खोल दिए हैं। नासा ने अपने महत्वाकांक्षी आर्टेमिस कार्यक्रम के विस्तार के लिए अंतरिक्ष यात्रियों की नई भर्ती शुरू कर दी है। खास बात यह है कि चयनित उम्मीदवारों को भविष्य में चंद्रमा पर मानव मिशन और अंतरिक्ष में स्थायी मौजूदगी स्थापित करने की ऐतिहासिक योजना का हिस्सा बनने का मौका मिल सकता है।आवेदन की अंतिम तारीख 3 दिसंबर है। नासा के अधिकारियों ने कैनेडी स्पेस सेंटर में शनिवार को आयोजित एक एयर शो के दौरान इसकी घोषणा की। इस आयोजन के जरिए चंद्र अन्वेषण के साथ ही विमानन और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हुई प्रगति को भी प्रदर्शित किया गया।
नए चेहरों की तलाश क्यों?
नासा ने दो साल पहले नए अंतरिक्ष यात्रियों की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। उस समय 8,000 से अधिक लोगों ने आवेदन किया था, जिनमें से सितंबर 2025 में 10 उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया गया था। अंतरिक्ष एजेंसी के पास फिलहाल केवल 32 सक्रिय अंतरिक्ष यात्री हैं। पृथ्वी की निचली कक्षा से आगे अंतरिक्ष अभियानों का विस्तार करने की योजना के मद्देनजर एजेंसी को और अंतरिक्ष यात्रियों की जरूरत है। आर्टेमिस-तृतीय मिशन के कमांडर रैंडी ब्रेस्निक ने एसोसिएटेड प्रेस से कहा, ''हमारे पास काम कहीं ज्यादा है और अंतरिक्ष यात्रियों की संख्या कम है।''
आवेदन करने की तिथि व प्रशिक्षण प्लान
- अंतरिक्ष यात्री बनने के इच्छुक उम्मीदवार 3 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
- नासा को उम्मीद है कि 2027 के अंत तक अंतिम उम्मीदवारों का चयन कर लिया जाएगा।
- चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण 2028 की शुरुआत में शुरू होगा।
- उम्मीदवारों के लिए अमेरिकी नागरिक होना, कॉलेज की डिग्री हासिल करना और पेशेवर कार्य अनुभव होना अनिवार्य है।
- चयन के बाद दो साल का कठिन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- हालांकि, प्रशिक्षण पूरा होने के तुरंत बाद अंतरिक्ष यात्रा का अवसर मिलना जरूरी नहीं है।
- किसी वास्तविक अंतरिक्ष मिशन में शामिल होने के लिए कई साल इंतजार भी करना पड़ सकता है।
चांद पर इंसानों की वापसी की तैयारी
नासा के आर्टेमिस कार्यक्रम के तहत इस साल अप्रैल में आर्टेमिस-द्वितीय मिशन के चालक दल ने चंद्रमा के चारों ओर उड़ान भरी थी। अब एजेंसी की योजना आधी सदी से अधिक समय बाद फिर से अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की सतह पर भेजने की है। आर्टेमिस-तृतीय मिशन के अंतरिक्ष यात्री रैंडी ब्रेस्निक और उनके तीन साथी अगले साल गर्मियों में अंतरिक्ष में जाएंगे। इस दौरान वे अपने अंतरिक्ष यान के कैप्सूल को दो चंद्र लैंडर के साथ जोड़ने का अभ्यास करेंगे। इनमें एक लैंडर एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स और दूसरा जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन तैयार कर रही है। इस मिशन में अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी के नजदीक ही रहेंगे और चंद्रमा के पास से उड़ान नहीं भरेंगे। यह अभ्यास अगले वर्ष प्रस्तावित आर्टेमिस-चतुर्थ मिशन की तैयारी का हिस्सा होगा।
ये भी जरूर पढञेंः- महिला टीवी एंकर की घर में गोली मारकर हत्या, पति हथियार सहित गिरफ्तार
चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतारने की तैयारी
आर्टेमिस-चतुर्थ मिशन के तहत दो अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के नजदीक उतारने का प्रयास किया जाएगा। नासा की दीर्घकालिक योजना चंद्रमा पर अधिक रोवर, रोबोट, संरचनाएं और बिजली ग्रिड भेजकर एक स्थायी आधार विकसित करने की है। इसका उद्देश्य भविष्य में चंद्रमा पर लंबे समय तक मानव मौजूदगी सुनिश्चित करना और आगे के अंतरिक्ष अभियानों के लिए आधार तैयार करना है।
अंतरिक्ष यात्री बनने के लिए धैर्य भी जरूरी
अंतरिक्ष यात्री बनने की राह आसान नहीं है। आर्टेमिस-तृतीय मिशन के अंतरिक्ष यात्री फ्रैंक रुबियो ने उम्मीदवारों को धैर्य रखने की सलाह दी है। वह लगातार 371 दिन अंतरिक्ष में रहने का अमेरिकी रिकॉर्ड बना चुके हैं। रुबियो ने एपी से कहा कि उम्मीदवारों को यह समझना चाहिए कि उनके अनुभव का लगभग एक प्रतिशत हिस्सा ही चंद्रमा पर जाने से संबंधित होगा। वास्तव में उन्हें चंद्रमा तक पहुंचने के पूरे अभियान में योगदान देना होगा।नासा की यह 25वीं अंतरिक्ष यात्री चयन प्रक्रिया है। एजेंसी ने वर्ष 1959 में अपने पहले सात अंतरिक्ष यात्रियों के चयन के साथ इस परंपरा की शुरुआत की थी।
