नेपाल में हेलीकॉप्टरों की टक्कर में मारा गया यात्री भारतीय पर्यटक, विदेशी नागरिक व दोनों पायलट घायल (Video)
punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 12:13 PM (IST)
Kathmandu: नेपाल के सोलुखुम्बु में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर में जान गंवाने वाले यात्री की पहचान भारतीय नागरिक के रूप में हुई है। हादसे में न्यूजीलैंड निवासी भारतीय मूल के यात्री और दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतक की पहचान की पुष्टि की है। नेपाल पुलिस के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 8 बजकर 11 मिनट पर खुम्बू पासांग ल्हामु ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 स्थित फेरीचे हेलीपैड पर हुआ। यहां फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर उतरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। हादसे में फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार भारतीय यात्री 47 वर्षीय वसंत कुमार बालारामारामाडु, की मौत हो गई जबकि दूसरे यात्रियों और दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों को चोटें आईं।
#WATCH | An Indian tourist was killed and three others were injured after two helicopters collided while landing in Nepal’s Solukhumbu district on Tuesday morning. The deceased was identified as Vasanth Kumar Balaramaramadu, an Indian national travelling aboard the Fishtail Air helicopter, Inspector Mausam Tamang said, as reported by The Kathmandu Post.
— Mint (@livemint) November 3, 2026
इसी हेलीकॉप्टर में सवार न्यूजीलैंड निवासी भारतीय मूल के 49 वर्षीय शैलेश कृष्ण पटेल भी घायल हो गए। उन्हें प्रभु हेलीकॉप्टर की मदद से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में फिशटेल एयर के पायलट रवींद्र प्रजापति और एयर डायनेस्टी के पायलट प्रज्वल केसी को उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार यात्रियों की कुल संख्या की अभी पुष्टि नहीं हुई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फेरीचे नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में स्थित एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह माउंट एवरेस्ट बेस कैंप जाने वाले रास्ते में पड़ता है। काठमांडू से यह इलाका करीब 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। एवरेस्ट क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्वतारोही और पर्यटक पहुंचते हैं। सड़क संपर्क सीमित होने के कारण यहां पर्यटकों के परिवहन, पर्वतारोहियों के बचाव और आपातकालीन निकासी के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जाता है।
