US Midterm Election: कन्सास का बदला सियासी इतिहास, 94 साल बाद डेमोक्रेट के पादरी एडम ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 05:07 PM (IST)
Washington: अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका दिया है। कन्सास में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एडम हैमिल्टन ने रिपब्लिकन उम्मीदवार रोजर मार्शल को हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ वह 94 साल बाद कन्सास से अमेरिकी सीनेट में पहुंचने वाले पहले डेमोक्रेट बन गए हैं। कन्सास को लंबे समय से रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। यहां पिछले 94 वर्षों से डेमोक्रेटिक उम्मीदवार सीनेट चुनाव नहीं जीत सके थे। एडम हैमिल्टन ने इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए रिपब्लिकन पार्टी के दबदबे का अंत कर दिया।
कितने वोटों से जीते एडम हैमिल्टन
चुनाव के आंकड़ों के मुताबिक, एडम हैमिल्टन को 5,56,414 वोट मिले, जो कुल मतदान का 50.09 प्रतिशत है। वहीं रिपब्लिकन उम्मीदवार रोजर मार्शल को 5,03,230 वोट यानी करीब 46 प्रतिशत मत मिले। निर्दलीय उम्मीदवार डेविड ग्राहम को 32,934 वोट हासिल हुए, जो लगभग 3 प्रतिशत हैं।
क्यों ऐतिहासिक मानी जा रही है यह जीत
एडम हैमिल्टन की जीत इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि कन्सास को रिपब्लिकन पार्टी की सबसे सुरक्षित सीनेट सीटों में गिना जाता था। साल 1932 में जॉर्ज मैकगिल के बाद पहली बार किसी डेमोक्रेट ने यहां से सीनेट चुनाव जीता है। इससे पहले 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने कन्सास में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पर करीब 16 प्रतिशत की बढ़त हासिल की थी। इसके बावजूद सीनेट चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। कन्सास में ईंधन और उर्वरकों की बढ़ती कीमतें भी चुनावी मुद्दा बनीं। ईरान के खिलाफ युद्ध के कारण ऊर्जा और कृषि से जुड़ी लागत बढ़ने का असर इस क्षेत्र के मतदाताओं पर पड़ा।
कौन हैं एडम हैमिल्टन
62 वर्षीय एडम हैमिल्टन राजनीति में आने से पहले एक प्रमुख धार्मिक नेता और लेखक के रूप में पहचान बना चुके हैं। वह कन्सास सिटी क्षेत्र में स्थित यूनाइटेड मेथोडिस्ट चर्च ऑफ द रेजरेक्शन के संस्थापक पादरी हैं। करीब 25 हजार सदस्यों वाली यह मंडली अमेरिका की सबसे बड़ी यूनाइटेड मेथोडिस्ट मंडलियों में शामिल है। हैमिल्टन ने 30 से अधिक किताबें लिखी हैं। बराक ओबामा के राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान उन्होंने धार्मिक संस्थाओं और स्थानीय समुदायों के बीच साझेदारी से जुड़ी सलाहकार परिषद में भी काम किया था। हैमिल्टन ने शुरुआत में सीनेट चुनाव लड़ने के लिए एक समिति बनाने और लोगों की राय जानने का फैसला किया था। वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की संभावनाएं तलाश रहे थे। हालांकि, बाद में उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।
