चर्च में अंतिम संस्कार दौरान हमले में 9 लोगों की मौत व दर्जनों घायल, तीन संदिग्ध गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2026 - 01:05 PM (IST)

Amman: जॉर्डन में सुरक्षा बलों ने एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च पर हुए हमले के सिलसिले में सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को हुए इस हमले में नौ लोगों की मौत हो गई थी और 24 से अधिक लोग घायल हुए थे। सार्वजनिक सुरक्षा निदेशालय ने बताया कि तीनों संदिग्धों को सोमवार तड़के हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया जिसमें तीनों घायल हो गए। उसने बताया कि जॉर्डन की राजधानी अम्मान के दक्षिण में स्थित करक में तड़के चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों का कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ। करक में ईसाई अल्पसंख्यक आबादी रहती है। करक स्थित ग्रीक ऑर्थोडॉक्स गिरजाघर पर शुक्रवार को एक अंतिम संस्कार के दौरान हमला हुआ था। इस हमले में तीन लोगों के शामिल होने की खबर थी।

 

अब तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और न ही किसी सशस्त्र समूह पर इसका आरोप लगाया गया है। जॉर्डन के गृह मंत्री माजेन अल-फराया ने तीनों लोगों की पहचान हमले के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के रूप में की। उन्होंने सरकारी टीवी चैनल 'अल-ममलका' को फोन पर दिए साक्षात्कार में कहा, "सुरक्षा एजेंसियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है, जिसके परिणामस्वरूप इस आतंकवादी कृत्य को अंजाम देने वालों को पकड़ लिया गया है।" उन्होंने कहा, "उन्होंने सुरक्षा बलों का कड़ा प्रतिरोध किया, लेकिन अंततः उन्हें काबू करके हिरासत में ले लिया गया।

 

इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं।" मंत्री ने कहा कि इस घटना में तीन लोग शामिल थे। उनकी पहचान घटना के तुरंत बाद कर ली गई थी और सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें पकड़ने के लिए उपलब्ध सभी साधनों का इस्तेमाल किया। जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय ने अधिकारियों को इस्लाम के नाम पर कानून तोड़ने वालों और जॉर्डन के लोगों की एकता को कमजोर करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ 'सख्ती' से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News