राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज ‘कम्बाइंड ग्रैजुएशन परेड' में होंगी शामिल, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें
punjabkesari.in Saturday, Jun 17, 2023 - 05:25 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को यहां के डुंडीगल में वायु सेना अकादमी में ‘कम्बाइंड ग्रैजुएशन परेड'(सीजीपी) में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। एक रक्षा विज्ञप्ति के अनुसार भारतीय वायु सेना की विभिन्न शाखाओं के फ्लाइट कैडेट्स के भर्ती पूर्व चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षण के सफलतापूर्वक पूरा होने के अवसर पर 211वें पाठ्यक्रम का सीजीपी भव्य तरीके से एएफए में मनाया जाएगा। बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति सीजीपी में बतौर मुख्य अतिथि और समीक्षा अधिकारी (आर ओ)शामिल होंगी।
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
गुजरात में चक्रवाती तूफान बिपारजॉय से किसी की जान नहीं गई
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के महानिदेशक अतुल करवाल ने शुक्रवार को कहा कि गुजरात में चक्रवाती तूफान बिपारजॉय के आने के बाद किसी की जान नहीं गई है। हालांकि 23 लोग विभिन्न घटनाओं में घायल हुए हैं और राज्य के कम से कम एक हजार गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। चक्रवाती तूफान ‘बिपारजॉय' के कारण तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने से कच्छ और सौराष्ट्र के इलाकों में भारी तबाही हुई है।
'आदिपुरुष' फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग
देशभर के सिनेमाघरों में आज 'आदिपुरुष' फिल्म रिलीज हुई है, लेकिन रिलीज के पहले दिन ही मूवी विवादों में फंस गई है। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिल्ली हाईकोर्ट में फिल्म के खिलाफ एक जनहित याचिका दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में भगवान राम, माता सीता, हनुमान और रावण जैसे धार्मिक चरित्रों की छवि के साथ छेड़छाड़ की गई है। 'आदिपुरुष' फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।
ममता बनर्जी ने की कांग्रेस को दी ये बड़ी चेतावनी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस को चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि अगर कांग्रेस पश्चिम बंगाल में भाजपा का सहयोग करती है, तो उसे हमसे राष्ट्रीय स्तर पर समर्थन की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। ममता ने बंगाल में पंचायत चुनाव को लेकर कहा कि बंगाल में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण है। ममता बनर्जी का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब 23 जून को पटना में विपक्षी दलों की बैठक होने जा रही है।
20 से 25 जून तक US और मिस्र दौरे पर जाएंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 से 25 जून तक अमेरिका और मिस्र की यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ अपनी उच्च स्तरीय वार्ता के क्रम को आगे बढ़ाते हुए 22 जून को वाशिंगटन में उनसे मुलाकात करेंगे। उसने बताया कि इस यात्रा के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन 22 जून की शाम को प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।
इंफाल में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री रंजन के घर पर अज्ञात लोगों ने लगाई आग
केंद्रीय मंत्री आर. के. रंजन के मणिपुर के कोंगबा नंदीबम लेकाई स्थित आवास में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने हालांकि गुरुवार देर रात आग पर काबू पा लिया। इस घटना में घर का कुछ हिस्सा और वाहन जल गए। जिस समय यह घटना घटी, उस समय केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री रंजन अपने आवास पर नहीं थे। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जम्मू-कश्मीर में जैश के पांच आतंकी गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर में सर्कस में काम करने वाले एक व्यक्ति की पिछले महीने हुई हत्या के सिलसिले में जैश-ए-मोहम्मद (जैश) के पांच आतंकवादियों को अनंतनाग जिले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। गौरतलब है कि उधमपुर जिले के रहने वाले 29 वर्षीय दीपक कुमार 29 मई की रात दूध लेने गए थे, तभी मोटरसाइकिल सवार दो आतंकवादियों ने उनकी नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी।
दिल्ली एयरपोर्ट पर 13 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त
दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर व्हिस्की की दो बोतलों में कोकीन की तस्करी के आरोप में 25 वर्षीय केन्याई महिला को गिरफ्तार किया गया है। सीमाशुल्क विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को अदीस अबाबा (इथोपिया) से आने के बाद आरोपी को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रोका गया। विस्तृत तलाशी के दौरान उसके पास से व्हिस्की की दो बोतलें बरामद हुईं।
कर्नाटक के सभी मंत्रियों को 21 जून को दिल्ली बुलाया गया
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्य के सभी मंत्रियों को आगामी 21 जून को दिल्ली बुलाया है। उन्होंने यह भी बताया कि कर्नाटक सरकार के मंत्री अपने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्र सरकार के अलग अलग मंत्रियों से भी मुलाकात कर प्रदेश से जुड़ी परियोजनाओं के बारे में बात कर सकते हैं। शिवकुमार ने इससे इनकार नहीं किया कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं।
देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे को बनाया निशाना
महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने कर्नाटक सरकार द्वारा स्कूली पाठ्यपुस्तकों में किये गये संशोधन को शुक्रवार को अल्पसंख्यक तुष्टिकरण बताया और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने के लिए कहा। गौरतलब है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक के बी हेडगेवार और हिंदुत्व विचारक वी. डी. सावरकर से जुड़े अध्यायों सहित कई अन्य अध्यायों को हटाकर मौजूदा शैक्षणिक वर्ष के लिए राज्य में कक्षा छह से दसवीं तक की कन्नड़ और सामाजिक विज्ञान की पाठ्यपुस्तकों के पुनरीक्षण को मंजूरी दे दी है।