राष्ट्रपति मुर्मू आज दो दिवसीय दौरे पर अरुणाचल प्रदेश जाएंगी, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Feb 20, 2023 - 05:28 AM (IST)

नेशनल डेस्क : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अरुणाचल प्रदेश दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को यहां पहुंचने वाली है और उनके भव्य नागरिक अभिनंदन के लिए प्रदेश की राजधानी ईटानगर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे के मद्देनजर पुलिस और जिला प्रशासन ने राजधानी क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जुलाई 2022 में भारत के राष्ट्रपति बनने के बाद श्रीमती मुर्मू पहली बार अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर आ रही है।

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
पीएम मोदी को पीए संगमा स्टेडियम में रैली करने की नहीं मिली परमिशन

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पश्चिम गारो हिल्स जिले के तुरा पी.ए. संगमा स्टेडियम में चुनावी रैली करने की अनुमति नहीं देने पर रविवार को नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेतृत्व वाली मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस सरकार की आलोचना की। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ऋतुराज सिन्हा ने संवाददाताओं से कहा, 'हमें यह पत्र मिला है कि पीए संगमा स्टेडियम में श्री मोदी की रैली की अनुमति नहीं दी जा सकती है क्योंकि परियोजना अभी पूरी नहीं हुई है।'

JNU में फिर बवाल, माला उतारकर शिवाजी की तस्वीर को फेंका
वाम समर्थित जेएनयू छात्र संघ ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बॉम्बे) के एक छात्र के लिए न्याय की मांग को लेकर निकाले गए मार्च के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने कुछ छात्रों पर हमला किया। हालांकि, एबीवीपी ने इस आरोप से इनकार किया है। एबीवीपी ने वाम समर्थित छात्र संगठनों पर छत्रपति शिवाजी महाराज का ‘‘अपमान'' करने का आरोप लगाया।

राजस्थान के 55 कांग्रेस नेता एआईसीसी के सदस्य नियुक्त
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कई मंत्री और राज्यसभा सदस्य सहित राज्य के 55 कांग्रेस नेता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य नियुक्त किये गये हैं। प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रवक्ता के अनुसार, जारी सूची में विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह, गुजरात कांग्रेस कमेटी के प्रभारी डॉ रघु शर्मा, मोहन प्रकाश, पवन खेड़ा, नीरज डांगी, अभिषेक मनु सिंघवी सहित 55 नेताओं को एआईसीसी का सदस्य नियुक्त किया गया है।

शिवसेना हाथ से जाने के बाद छलका उद्धव का दर्द
महाराष्ट्र में शिवसेना समेत चुनाव चिन्ह हाथ से जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का दर्द छलक उठा। उद्धव ठाकरे ने कहा कि उन्हें कांग्रेस के साथ होने के लिए मजबूर किया गया था। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख लगातार चुनाव आयोग और भाजपा के खिलाफ हमलावर हैं। ठाकरे ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस का हाथ नहीं पकड़ा, बल्कि भाजपा ने ऐसा करने के लिए उन्हें मजबूर किया।

मनीष सिसोदिया को दूसरा समन जारी करेगी CBI
दिल्ली आबकारी नीति घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के सामने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पेश नहीं हुए। सिसोदिया ने जांच एजेंसी से जांच में शामिल होने के लिए कुछ समय मांगा है, जिसे सीबीआई ने मंजूर कर लिया है। सिसोदिया ने सीबीआई को पत्र लिखकर सात दिन का समय मांगा था। सीबीआई अब जांच में शामिल होने के लिए नई तारीख के साथ सिसोदिया को नया समन जारी करेगी।

उद्धव ठाकरे पर अमित शाह का जोरदार हमला
महाराष्ट्र में शुक्रवार को हुए बड़े उलटफेर के बाद उद्धव ठाकरे अपनी पार्टी शिवसेना को गर्त में ले जाने के लिए लगातार निशाने पर हैं। दरअसल, चुनाव आयोग ने उस दिन अपने फैसले में असली शिवसेना शिंदे गुट को स्वीकार किया। साथ ही पार्टी का चुनाव चिन्ह् "धनुष और बाण" भी शिंदे गुट के पास रहने का आदेश दे दिया। इसके बाद से ही बीजेपी के नेता उद्धव ठाकरे पर हमलावर हैं।

फडणवीस ने कांग्रेस-राकांपा पर साधा निशाना
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि उद्धव ठाकरे ने राज्य में सत्ता प्राप्ति के लिए कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से हाथ मिलाया था , लेकिन इन पाटिर्यों ने उन्हें (ठाकरे) सड़कों पर पहुंचा दिया। फडणवीस ने यहां के नगला पाकर् में विन्स हॉस्पिटल रोड पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए परिसर में, गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में, 'विजय संकल्प रैली' को संबोधित करते हुए कहा कि ठाकरे ने कांग्रेस और राकांपा के साथ गठबंधन किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News