CCTV Footage: कांग्रेस वर्कर हिमानी के शव को घसीटने का वीडियो आया सामने...

punjabkesari.in Tuesday, Mar 04, 2025 - 09:17 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या के कुछ घंटे बाद एक CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी सचिन को एक काले रंग का सूटकेस घसीटते हुए देखा जा सकता है। पुलिस के अनुसार, इसी सूटकेस में हिमानी का शव मिला था। यह वीडियो 28 फरवरी की रात करीब 10 बजे का है और हिमानी के घर के पास का है, जहां उसकी हत्या की गई थी।

आरोपी और हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि सचिन, जो हरियाणा के बहादुरगढ़ का रहने वाला है, हिमानी का दोस्त था। हालाँकि, सूत्रों का कहना है कि सचिन ने हिमानी के साथ रिश्ते में होने की बात कबूल की है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि हिमानी उसे ब्लैकमेल कर रही थी और उससे लाखों रुपये ऐंठ चुकी थी। हिमानी की हत्या उसके हरियाणा स्थित घर पर की गई थी, और जिस सूटकेस में उसका शव मिला, वह उसी का था। पुलिस के मुताबिक, सचिन ने मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर हिमानी की हत्या की। हत्या के बाद, उसने हिमानी के गहने, अंगूठी, लैपटॉप और स्कूटर लेकर भागने की कोशिश की।

शव मिलने के बाद हड़कंप

2 मार्च की सुबह रोहतक के समपला बस स्टैंड के पास राहगीरों ने एक संदिग्ध सूटकेस देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने सूटकेस खोला तो उसमें हिमानी का शव मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए PGIMS रोहतक भेजा गया।

मां ने कांग्रेस नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप

हिमानी की मां सविता ने इस हत्या के पीछे कांग्रेस नेताओं का हाथ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिमानी की बढ़ती राजनीतिक पहचान और राहुल गांधी से नजदीकी से कई नेता असहज थे। सविता ने बताया कि 27 फरवरी को उनकी आखिरी बार हिमानी से बात हुई थी। 28 फरवरी को वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की रैली में शामिल होने वाली थी।

भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान

इस मामले पर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। भाजपा के हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस को हिमानी की मां के आरोपों का जवाब देना चाहिए और इनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं, कांग्रेस ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और मामले की गहन जांच की मांग की है।

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News