नगर निगम चुनाव : बंसल पर भारी पड़े छाबड़ा, कुछ वार्डों के प्रत्याशियों के चयन को लेकर दोनों में मतभेद

punjabkesari.in Monday, Nov 28, 2016 - 07:52 AM (IST)

चंडीगढ़ (राय): कांग्रेस द्वारा आज पार्टी की निगम चुनाव के लिए जारी लिस्ट में पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा भारी पड़े हैं। लिस्ट में कई वार्डों में पहले जहां बंसल के करीबियों के नाम चल रहे थे उन पर बाद में छाबड़ा के करीबियों के नामों पर मोहर लगा दी गई। बंसल के जिन करीबियों को टिकट नहीं मिली, उन्होंने अभी खुल कर तो विरोध जताना उचित नहीं समझा लेकिन इनमें से कुछ का मन निर्दलीय चुनाव लडऩे का है। इन लोगों का कहना था कि पार्टी ने निचली जाति के कम लोगों को सीटें दी हैं  जबकि उनसे वायदा किया गया था कि टिकट आबंटन के समय इसका ध्यान रखा जाएगा। टिकट न मिलने वालों में से कुछ ने अपने समर्थकों के साथ लिस्ट जारी होने के बाद बैठकें भी कीं और निर्दलीय रूप से चुनाव लडऩे पर चर्चा की।  
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि कुछ वार्डों के प्रत्याशियों के चयन को लेकर पवन बंसल व प्रदीप छाबड़ा में मतभेद भी रहे। बताया जाता है कि वार्ड 22 से बंसल अपने किसी करीबी को चुनाव लड़वाना चाहते थे पर छाबड़ा संदीप भारद्वाज के हक में रहे। भारद्वाज ने पिछले कल टिकट कटने के संकेत मिलते ही बंसल विरोधी बयान भी दे डाले थे।

वार्ड-20 में होगा तिकोना मुकाबला 
बसपा सूत्रों का कहना है कि वह पहले 12 प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुकी है व वर्तमान पार्षद जन्नत जहां के चुनाव लडऩे की संभावनाएं नहीं थी। अब बताया जा रहा है कि जन्नत वार्ड नंबर 20 से कांग्रेस के शशि शंकर तिवारी व भाजपा के शक्तिप्रसाद देवशाली में तिकोना मुकाबला हो सकता है। इस बार कांग्रेस ने एक सीट मुस्लिम समुदाय के लिए भी छोड़ी है। कांग्रेस ने पूर्व मेयर कमलेश को एस.सी. वर्ग के लिए आरक्षित वार्ड नंबर 23 से खड़ा किया है। कांग्रेस के इस वार्ड के कार्यकत्र्ताओं का कहना है कि पिछली बार वह वार्ड 20 से चुनाव हारी थी। अगर कमलेश को टिकट देना था तो एस.सी. महिला के लिए आरक्षित वार्ड से दिया जा सकता था। कांग्रेस वार्ड नंबर 20 से पार्टी नेता शशि शंकर तिवारी के आगे भाजपा प्रत्याशी शक्तिप्रसाद को कमजोर मान रही है। यहां  बसपा पार्षद जन्नत जहां पुन: चुनाव लड़ सकती हैं, ऐसे में यहां तिकोना मुकाबला देखने को मिल सकता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News