CCTV में कैद हुई जगुआर और वैगनआर की जबरदस्त टक्कर, देखें तस्वीरें

punjabkesari.in Monday, Jun 06, 2016 - 03:55 PM (IST)

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में देर रात हुआ एक हादसा सीसीटीवी में कैद हो गया। जहां तेज रफ्तार जगुआर कार ने एक वैगनआर को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाडिय़ों के ड्राइवर बुरी तरह घायल हो गए। सीसीटीवी की वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि हादसा जगुआर कार की तेज रफ्तार की वजह से हुआ। लेकिन पुलिस ने दोनों ड्राइवरों के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है।

हो सकता था बड़ा हादसा
जानकारी के मुताबिक, कलेक्टोरेट चौराहे से जयरामपुर की तरफ मुड़ रही वैगन आर कार को महू नाका से कलेक्टोरेट की तरफ जा रही तेज रफ्तार जगुआर कार ने टक्कर मार दी। जगुआर को एक 20 साल का युवक चला रहा था। उसके साथ कार में तीन युवतियां व एक अन्य युवक बैठा था। टक्कर के बाद वैगनआर अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। जिससे इसमें सवार हरीश मोटवानी को सिर में गंभीर चोट लगी है। उन्हें उपचार के लिए चौइथराम अस्पताल में भर्ती किया गया है। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने वैगनआर का गेट तोड़कर हरीश को बाहर निकाला।

नंबर प्लेट ले जा रहा था साथ
चश्मदीदों ने बताया कि जगुआर की गति करीब 130 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी, वह तो अच्छा था कि हादसा होते ही एयरबैग खुल गया, वरना जान भी जा सकती थी। टक्कर होते ही जगुआर कार से तीन लड़कियां और दो लड़के बाहर आए। वे दूसरी तरफ खड़े हो गए। कुछ देर बाद भाग निकले। लोगों का आरोप है कि कार चालक अपने साथ कार की नंबर प्लेट भी निकाल कर ले जा रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News