IMD का अलर्ट- इस साल अधिक गर्मी पड़ने की संभावना, मार्च में ही तपने लगे ये राज्य...चढ़ा पारा

punjabkesari.in Wednesday, Mar 15, 2023 - 11:09 AM (IST)

नेशनल डेस्क: इस साल सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने और मार्च के आखिरी सप्ताह में सिंधु-गंगा मैदान एवं पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान दर्ज किए जाने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में यह जानकारी दी। कैबिनेट सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में IMD ने बताया कि पूर्वी एवं मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों एवं पश्चिमोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। 

 

IMD ने गर्मियों के असर को कम करने के लिए उठाए जा सकने वाले कदमों की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक में बताया कि मार्च के अंत में सिंधु-गंगा के मैदान और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज होने की संभावना है। आधिकारिक बयान के अनुसार, कैबिनेट सचिव ने रेखांकित किया कि चूंकि तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, इसलिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इससे निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी करनी चाहिए।

 

कई राज्यों में बढ़ने लगा पारा

पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, विदर्भ, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में जबरदस्त गर्मी की शुरुआत हो गई है। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच बना हुआ है। वहीं दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा में भी अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है। देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार (15 मार्च) को न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। दिल्ली में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग की मानें तो 17 से 20 मार्च तक दिल्ली में बारिश होने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News