Heavy Rain Alert: अगले 5 दिनों तक कहीं भारी बारिश तो कहीं पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD का इन राज्यों में अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, Jan 08, 2026 - 04:32 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कड़ाके की ठंड के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण भारत के समुद्री क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की है। IMD के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर में बना कम दबाव का क्षेत्र तेजी से मजबूत हो रहा है और अगले 12 घंटों में यह गहरा डिप्रेशन बन सकता है। इसके चलते तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई हिस्सों में अगले 5 दिनों तक भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ उत्तर भारत में ठंड बढ़ेगी।

मौसम विभाग ने समुद्र में तेज हवाओं और ऊंची लहरों की भी चेतावनी दी है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है। IMD के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में हवाओं की रफ्तार 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जो झोंकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ सकती है।

तटीय और अंदरूनी जिलों में बारिश का अलर्ट
IMD ने मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तंजावुर, तिरुवरुर, पुदुकोट्टई और कराईकल में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा रामनाथपुरम, शिवगंगा, तिरुचिरापल्ली, अरियालुर, कुड्डालोर, विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

10 जनवरी को बारिश और तेज होने की संभावना है। इस दिन कुड्डालोर, विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि चेन्नई, पुडुचेरी, नागपट्टिनम, तंजावुर, तिरुवरूर और कांचीपुरम जिलों में भी भारी बारिश की आशंका है। 11 और 12 जनवरी को बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी, लेकिन उत्तरी तटीय तमिलनाडु और आसपास के कुछ अंदरूनी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रह सकती है।

उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर
देश के उत्तर, मध्य और पूर्वी हिस्सों में ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम के कारण कई इलाकों में शीत दिवस और गंभीर शीत दिवस जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तर मध्य प्रदेश में शीत दिवस की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और बिहार के कुछ हिस्सों में भी ठंड के बढ़ने का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है और सड़क व रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।

शीत लहर का अलर्ट
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में शीत लहर की स्थिति बन सकती है। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में शीत दिवस की चेतावनी जारी की गई है। सुबह के समय घना कोहरा जनजीवन और यातायात पर असर डाल सकता है।

ठंड और पाले की संभावना
असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर पाला पड़ने की संभावना है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घने कोहरे की चेतावनी जारी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी सुबह और रात के समय घना कोहरा और ठंड का असर रहेगा।

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News