Cold Wave: 14 से 18 जनवरी तक चलेगी शीतलहर, पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD का इन राज्यों में अलर्ट
punjabkesari.in Tuesday, Jan 13, 2026 - 03:47 PM (IST)
नेशनल डेस्कः देश के कई राज्यों में सर्दी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। नए साल की शुरुआत से ही तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 14 से 18 जनवरी तक देश के कई हिस्सों में शीतलहर (Cold Wave) को लेकर चेतावनी जारी की है। शीतलहर के कारण कई इलाकों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने की आशंका है।
उत्तर-पश्चिम भारत
उत्तर-पश्चिम भारत में सर्दी का असर बरकरार रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 14, 15, 16, 17 और 18 जनवरी को राजस्थान, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी के साथ शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। हालांकि दिन के समय धूप निकल सकती है, लेकिन तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
पूर्वी और मध्य भारत
पूर्वी और मध्य भारत में भी ठंड का असर जारी रहेगा। IMD ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और झारखंड के कई हिस्सों में 14 से 18 जनवरी तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ेगी।
उत्तर-पूर्व भारत
उत्तर-पूर्व भारत में भी सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने नागालैंड, मेघालय, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा और मिजोरम में 14 से 18 जनवरी के दौरान शीतलहर और सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इससे इन क्षेत्रों में ठिठुरन और बढ़ सकती है।
दक्षिण भारत
दक्षिण भारत में सर्दी का असर अपेक्षाकृत कम है, लेकिन कुछ इलाकों में ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने कर्नाटक के दक्षिण आंतरिक क्षेत्रों और तेलंगाना में 14 से 18 जनवरी तक ठंड का असर बने रहने का अनुमान जताया है। हालांकि इन राज्यों में तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।
