इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने PM मोदी को कहा- “उपहार के लिए धन्यवाद”, #Melody हो रहा खूब ट्रेंड (Video)
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 04:30 PM (IST)
International Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे के दौरान एक हल्का-फुल्का और दिलचस्प पल सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) ने प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा भेंट की गई ‘मेलोडी’ टॉफी के लिए उनका आभार जताया। मेलोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह मुस्कुराते हुए कहती नजर आईं,“प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए एक बहुत ही अच्छी टॉफी लेकर आए हैं-मेलोडी।”वीडियो में पीएम मोदी भी दिखाई देते हैं और मेलोनी की इस टिप्पणी पर हंसते नजर आते हैं। मेलोनी ने पोस्ट के साथ लिखा, “उपहार के लिए धन्यवाद।”
Thank you for the gift pic.twitter.com/7ePxbJwPbA
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) May 20, 2026
‘मेलोडी’ शब्द पिछले कुछ समय से मोदी और मेलोनी की दोस्ती को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चित रहा है। दरअसल, दोनों नेताओं के नामों मोदी और मेलोनी को जोड़कर “मेलोडी” हैशटैग बनाया गया था। इसकी शुरुआत 2023 में दुबई में हुए COP28 सम्मेलन के दौरान हुई थी, जब मेलोनी ने मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए “Melodi” हैशटैग इस्तेमाल किया था। इसके बाद दोनों नेताओं की हर मुलाकात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनती रही। प्रधानमंत्री मोदी इस समय पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे हैं। इस यात्रा के दौरान भारत और इटली के बीच व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और नई प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हो रही है।
