दिल्ली नगर निगम ने स्वास्थ्य नीति में किया बदलाव, इन लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 08:49 AM (IST)
नई दिल्ली : दिल्ली नगर निगम (MCD) ने कर्मचारियों, पेंशनभोगियों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य पात्र लाभार्थियों के लिए चिकित्सा सेवाओं को आसान और अधिक सुलभ बनाने के लिए अपनी स्वास्थ्य पैनल नीति (Health Empanelment Policy) में बदलाव किया है।
नई नीति के तहत नियमित कर्मचारियों और उन पर निर्भर लोगों को पैनल में शामिल अस्पतालों में CGHS दरों पर कैशलेस इनडोर इलाज मिलेगा। पहली बार कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों और उन पर निर्भर लोगों को भी इसमें शामिल किया गया है। पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों को कैशलेस इलाज मिलता रहेगा, जबकि 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोग बिना रेफरल के विशेषज्ञों से सलाह ले सकेंगे और कैशलेस इनडोर इलाज का लाभ उठा सकेंगे।
दिल्ली के बाहर रहने वाले पात्र लाभार्थी सरकारी अस्पतालों में इलाज करा सकते हैं और तय CGHS दरों के अनुसार खर्च की भरपाई (reimbursement) की जाएगी। मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि बदली हुई नीति से लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवा के बेहतर विकल्प मिलेंगे और उन्होंने अधिकारियों को इसे समय पर लागू करने का निर्देश दिया।
