दिल्ली : 6 साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न, लोगों ने आरोपी को दबोचकर पुलिस के हवाले किया; POCSO में मामला दर्ज
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 09:59 PM (IST)
नई दिल्ली: मध्य दिल्ली के देशबंधु गुप्ता (डीजीबी) रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत शीदीपुरा पुलिस चौकी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां किशनगंज इलाके में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न करने के आरोप में स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। घटना सोमवार शाम लगभग 6:30 बजे की बताई जा रही है।
रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी
जानकारी के अनुसार, बच्ची के परिजन और स्थानीय नागरिक आरोपी को दबोचकर शीदीपुरा पुलिस चौकी पहुंचे। लोगों का आरोप है कि आरोपी किशनगंज इलाके में मासूम बच्ची के साथ गलत काम कर रहा था, तभी उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना से आक्रोशित भीड़ ने पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित (34 वर्ष) के रूप में हुई है, जो किशनगंज लाल सिंह स्थित बग्राओजी बस्ती का रहने वाला है।
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण, आरोपी हिरासत में
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं और POCSO एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता को तत्काल चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
