दिल्ली : गोदाम में आग लगने से एक ही परिवार के 3 लोगों को बचाया गया, मचा हडकंप

punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 07:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क : पूर्वोत्तर दिल्ली के मंडोली इलाके में रविवार को दो मंजिला इमारत के एक गोदाम में आग लगने के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने बताया कि इस गोदाम का उपयोग कपड़े और फोम रखने के लिए किया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि हर्ष विहार के डी ब्लॉक में स्थित गोदाम में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि चार दमकल गाड़ियां, दो एम्बुलेंस और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के चार कर्मी भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया। इमारत की पूरी तलाशी ली गई, लेकिन कोई व्यक्ति घायल या अंदर फंसा नहीं मिला। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ''घटना के समय भूतल बंद था। इमारत के मालिक के परिवार के तीन सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।''

पुलिस ने बताया कि इमारत के मालिक ने भूतल सुंदर नगरी निवासी हिमांशु को किराए पर दिया था। वह इसका इस्तेमाल भारोत्तोलन बेल्ट बनाने में इस्तेमाल होने वाले कपड़े और फोम के भंडारण के लिए कर रहा था। प्रारंभिक जांच में अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। घटना की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News