दिल्ली के कलाकारों को मिलेंगे अंतरराष्ट्रीय अवसर, CM रेखा गुप्ता ने भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद से मिलाया हाथ

punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2026 - 07:01 PM (IST)

नेशनल डेस्क : दिल्ली की कला, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच देने के लिए दिल्ली सरकार और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते के तहत सांस्कृतिक कूटनीति, पर्यटन को बढ़ावा देने, अंतरराष्ट्रीय छात्र संवाद और शैक्षणिक आदान-प्रदान को नई गति देने की दिशा में काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के विकास के साथ-साथ उसकी समृद्ध विरासत, कला और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सांस्कृतिक विविधता और प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलने से राजधानी की पहचान और मजबूत होगी।

PunjabKesari

कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि समझौते के माध्यम से दिल्ली के स्थानीय और युवा कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कलाकारों का एक व्यापक डेटाबेस भी तैयार किया जाएगा, जिससे उनकी प्रतिभा और कला के अनुरूप उन्हें विभिन्न अंतरराष्ट्रीय आयोजनों और मंचों से जोड़ा जा सके।

दिल्ली सरकार और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के बीच हुए इस समझौते से सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ-साथ दिल्ली में पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय छात्रों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच संवाद तथा सहयोग के नए अवसर विकसित किए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News