शख्स ने पत्नी को गिफ्ट किया ताजमहल जैसा घर, 3 साल में बनकर तैयार हुआ आलीशान मकान
punjabkesari.in Monday, Nov 22, 2021 - 11:59 AM (IST)

नेशनल डेस्क: पांचवें मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी बेगम मुमताज़ की याद में ताजमहल बनवाया था जो आज भी दोनों के प्यार की दास्तां कहता है। वहीं अपनी बीवी से बेपनाह प्यार करने वाला एक शख्स भले ही ताजमहल न बना सका लेकिन उसने अपना घर वैसा जरूर बना दिया। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक शख्स ने आगरा के मशहूर ताजमहल की प्रतिकृति को आलीशान घर के तौर पर बनाकर पत्नी को गिफ्ट दिया है। शख्स द्वारा बनवाया गया घर देखने में हूबहू ताजमहल जैसा ही लग रहा है। इंडिया टु़डे की रिपोर्ट के अनुसार इस घर में चार बेडरूम हैं।
दरअसल बुरहानपुर के रहने वाले आनंद चोकसे हमेशा सोचते रहते थे कि उनके शहर बुरहानपुर में ताजमहल क्यों नहीं बनाया गया, क्योंकि शाहजहां की पत्नी मुमताज की मौत उसी शहर में हुई थी। ये भी कहा जाता है कि ताजमहल का निर्माण पहले ताप्ती नदी के किनारे होना था लेकिन बाद में इसे आगरा में बनाया गया। ताजमहल की नकल के तौर पर इस घर को बनाने वाले इंजीनियर ने कहा कि इसे बनाने में कई चुनौतियां थीं। इंजीनियर ने बताया कि इसके लिए उसने असली ताजमहल का बारीकी से अध्ययन किया। उन्होंने घर के अंदर नक्काशी के लिए बंगाल और इंदौर के इस क्षेत्र के कारीगरों से मदद भी मांगी।
घर का गुंबद 29 फीट की ऊंचाई पर है। इसमें ताजमहल जैसे मीनार की हूबहू नकल है। घर का फर्श राजस्थान के 'मकराना' से बनाया गया है। वहीं फर्नीचर मुंबई के कारीगरों द्वारा तैयार किया गया है। मकान में एक बड़ा हॉल, नीचे 2 बेडरूम और ऊपर 2 बेडरूम हैं। इसके अलावा एक लाइब्रेरी और एक मेडिटेशन रूम भी मकान में बनाया गया है। इतना ही नहीं घर के अंदर और बाहर दोनों जगह लाइटिंग इस तरह से की गई है कि यह घर असली ताजमहल की तरह ही अंधेरे में चमकता रहे। बता दें कि बुलंदशहर के एक शख्स ने भी कुछ साल पहले अपनी पत्नी की याद में ताजमहल की नकल बनाने की कोशिश की थी।