महाराष्ट्र में Quick Commerce कंपनियों पर FDA की बड़ी कार्रवाई, 14 फूड लाइसेंस किए सस्पेंड
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 11:41 PM (IST)
नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी और क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। FDA ने राज्यभर में चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान के बाद 14 फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। यह अभियान 13 अगस्त 2026 को चलाया गया था।
अभियान के दौरान FDA की टीमों ने Blinkit, Zepto और Instamart समेत ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जुड़े कुल 86 वेयरहाउस यानी डार्क स्टोर की जांच की। निरीक्षण में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक सेंटर को तत्काल कामकाज रोकने का आदेश दिया गया, जबकि 60 सुधार नोटिस जारी किए गए। हालांकि, विभाग ने अभी तक किसी भी कंपनी का लाइसेंस रद्द नहीं किया है।
Maharashtra: The Food and Drug Administration conducted a special inspection drive across 86 establishments selling items via online platforms like Zepto, Blinkit & Instamart. 1 establishment was ordered to halt operations, 60 improvement notices were issued, and 14 licenses were… pic.twitter.com/HG8D1nXOL3
— ANI (@ANI) August 14, 2026
Blinkit और Zepto के 5-5 लाइसेंस सस्पेंड
FDA के अनुसार, निलंबित किए गए 14 लाइसेंस में Blinkit के 5, Zepto के 5 और Instamart के 2 लाइसेंस शामिल हैं। इसके अलावा भगवती स्टोर और Swinsta ENT Private Limited के एक-एक लाइसेंस को भी निलंबित किया गया है।
मुंबई के स्टोर में मिलीं गंभीर कमियां
FDA के निरीक्षण में मुंबई के कई डार्क स्टोर में साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा और स्टोरेज से जुड़े नियमों के उल्लंघन सामने आए। घाटकोपर स्थित Blink Commerce Center को निरीक्षण में 74 में से केवल 34 अंक मिले, यानी करीब 46 प्रतिशत। यहां स्टोरेज रैक गंदे पाए गए। अधिकारियों को सड़ी-गली सब्जियां और कॉकरोच भी मिले। इसके अलावा छत और फर्श की स्थिति खराब थी और कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।
बांद्रा वेस्ट स्थित Rajidi Retail Center को 136 में से 60 अंक मिले। निरीक्षण के दौरान वहां धूल, मकड़ी के जाले, खाद्य कचरा और चूहों की गंदगी पाई गई। वहीं, मलाड वेस्ट स्थित Blink Commerce Center को 74 में से 40 अंक मिले। यहां चिलर का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पाया गया। करीब 40 कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।
पुणे में भी नियमों की अनदेखी
पुणे के लोहेगांव स्थित Zepto सेंटर का लाइसेंस फ्रीजर के तापमान में गड़बड़ी, एक्सपायर्ड उत्पादों की मौजूदगी और खराब पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था के चलते निलंबित किया गया। इसके अलावा Swinsta ENT Private Limited के पुणे स्थित सेंटर में भी कॉकरोच की समस्या और कोल्ड चेन के उचित रखरखाव में कमी पाई गई।
FDA ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
FDA का यह विशेष अभियान ऑनलाइन माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों के आधार पर कंपनियों और संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं।
