मुंबई में FDA की कार्रवाई के बीच वायरल हुआ ‘बिना रंग वाला’ चिकन लॉलीपॉप, सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 12:05 AM (IST)
नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की ओर से मुंबई में रेस्टोरेंट और फूड आउटलेट्स की जांच तेज किए जाने के बीच चिकन लॉलीपॉप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में चिकन लॉलीपॉप को बिना आर्टिफिशियल फूड कलर के तैयार किया गया है, जिसके बाद इसका रंग आमतौर पर रेस्टोरेंट में दिखने वाले चमकीले लाल चिकन लॉलीपॉप से काफी अलग नजर आ रहा है।
महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंधे की अगुवाई में खाद्य प्रतिष्ठानों में फूड सेफ्टी नियमों के पालन और आर्टिफिशियल फूड कलर के इस्तेमाल को लेकर कार्रवाई की जा रही है। हाल के दिनों में मुंबई के कई फूड आउटलेट्स और रेस्टोरेंट जांच के दायरे में आए हैं।
वायरल वीडियो में क्या दिखा?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में चिकन लॉलीपॉप हल्के सुनहरे-भूरे रंग का दिखाई दे रहा है। वीडियो को शेयर करने वाले यूजर ने दावा किया कि इसमें आर्टिफिशियल फूड कलर का इस्तेमाल नहीं किया गया। यूजर ने इसके रंग की तुलना पकौड़े से करते हुए कहा कि रंग हटाने के बाद डिश का लुक काफी बदल गया।
Restaurant owners are now serving Chicken Lollipop and Manchurian without colour due to fear of Tukaram Mundhe. pic.twitter.com/r47NCW0cr2
— Bewda babloo 🧉 (@babloobhaiya3) August 6, 2026
वीडियो के जरिए यूजर ने लोगों से यह भी सवाल किया कि क्या बिना चमकीले लाल रंग के भी चिकन लॉलीपॉप का स्वाद और पहचान वही रह सकती है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
मुंधे की कार्रवाई की हुई तारीफ
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने FDA की कार्रवाई और तुकाराम मुंधे के अभियान की सराहना की। एक यूजर ने कहा कि अगर किसी अधिकारी की कार्रवाई प्रभावी तरीके से लागू होती है तो वह रोजमर्रा की चीजों में भी बदलाव ला सकती है और खाद्य सुरक्षा के मानकों को बेहतर कर सकती है। वहीं, कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि खाने में लाल रंग लाने के लिए सिर्फ सिंथेटिक फूड कलर पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है।
कश्मीरी मिर्च और सोया सॉस का भी जिक्र
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने बताया कि कश्मीरी मिर्च पाउडर जैसे मसालों से खाने को प्राकृतिक रूप से लाल रंग दिया जा सकता है। एक यूजर ने दावा किया कि कुछ रेस्टोरेंट कम लागत के कारण आर्टिफिशियल कलर का इस्तेमाल करते होंगे। एक अन्य यूजर ने घर पर चिकन लॉलीपॉप बनाने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि बिना सिंथेटिक कलर के भी डिश लाल-भूरे रंग की दिखाई दे सकती है। उसके मुताबिक, मिर्च पाउडर और सोया सॉस जैसे सामग्री भी चिकन को पर्याप्त रंग दे सकती हैं।
