EPF खाताधारकों के लिए बड़ी खबर: खत्म होगी ये मुश्किल और जल्द UPI से निकाल सकेंगे अपना पैसा
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 05:36 PM (IST)
EPFO: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने करोड़ों सब्सक्राइबर्स के लिए पीएफ निकासी और खाता प्रबंधन की प्रक्रिया को और अधिक सरल और हाई-टेक बनाने जा रहा है। इससे अब आप अपने पुराने खातों को आसानी से मर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा भविष्य में पीएफ का पैसा सीधे आपके UPI आईडी पर ट्रांसफर करने की तैयारी भी चल रही है।
दो UAN होने पर क्या करें? जानें समाधान
अक्सर नौकरी बदलने के दौरान कर्मचारियों के पास दो अलग-अलग यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) हो जाते हैं, जिससे पीएफ ट्रांसफर में दिक्कत आती है। अब आप ईमेल के जरिए भी पुराने UAN को बंद करवा सकते हैं। इसके लिए आपको uanepf@epfindia.gov.in पर एक मेल भेजना होगा, जिसमें अपने वर्तमान और पुराने UAN की जानकारी देनी होगी। वेरिफिकेशन के बाद EPFO पुराने नंबर को ब्लॉक कर देगा। इसके बाद आप मौजूदा UAN के जरिए आसानी से पुराने फंड को नए खाते में ट्रांसफर करने का क्लेम कर सकते हैं।
खाता मर्जर के लिए एम्प्लॉयर की भूमिका
अगर आप ऑनलाइन पोर्टल के जरिए दो पीएफ खातों को जोड़ने की रिक्वेस्ट डालते हैं, तो ध्यान रखें कि इसके लिए आपके वर्तमान एम्प्लॉयर की मंजूरी अनिवार्य है। कंपनी द्वारा आपकी रिक्वेस्ट स्वीकार की जाती है तो आपके EPFO प्रोसेस को आगे बढ़ाते हुए पुरानी अकाउंट की राशि को नए में शिफ्ट किया जाएगा।
अप्रैल से मिल सकती है UPI निकासी की सुविधा
EPFO के इतिहास में सबसे बड़ा बदलाव अप्रैल 2026 तक देखने को मिल सकता है। केंद्रीय श्रम मंत्रालय एक आधुनिक सिस्टम पर काम कर रहा है, जिसके जरिए लगभग 8 करोड़ सदस्य सीधे UPI का उपयोग करके अपने पीएफ खाते से पैसे निकाल सकेंगे। इस कदम का मुख्य उद्देश्य क्लेम सेटलमेंट के समय को कम करना और निकासी प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी व तेज बनाना है।
