बड़ी खबर: अनिल अंबानी की मुश्किलें बढ़ीं, Reliance Power से जुड़ी संपत्तियों पर ED ने की ताबड़तोड़ छापेमारी
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 11:01 AM (IST)
नेशनल डेस्क: उद्योगपति अनिल अंबानी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार अल सुबह ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अनिल अंबानी और रिलायंस पावर लिमिटेड से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में लगभग 10 से 12 स्थानों पर एक साथ तलाशी ली जा रही है। ED की करीब 15 विशेषज्ञ टीमों ने सुबह-सुबह यह ऑपरेशन शुरू किया। इस कार्रवाई का मुख्य केंद्र रिलायंस पावर के पंजीकृत कार्यालय और कंपनी से जुड़े महत्वपूर्ण व्यक्तियों के आवासीय परिसर हैं।
क्यों हो रही है छापेमारी?
जांच एजेंसी के सूत्रों का संकेत है कि यह पूरी कवायद रिलायंस पावर में हुए संदिग्ध फंड ट्रांसफर और वित्तीय लेनदेन की जांच का हिस्सा है। हालांकि, ED की ओर से अभी तक इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
'अबोड' बंगला पहले ही हो चुका है कुर्क
यह छापेमारी ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में ED ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत अनिल अंबानी के पाली हिल स्थित आलीशान आवास 'अबोड' (Abode) को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCom) से जुड़े ₹3,716.83 करोड़ के बैंक धोखाधड़ी मामले में यह कार्रवाई की गई थी।
CBI का शिकंजा भी कसा
अनिल अंबानी केवल ED ही नहीं, बल्कि CBI की रडार पर भी हैं। पिछले महीने के अंत में CBI ने बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत पर RCom के खिलाफ ₹2,220 करोड़ की धोखाधड़ी का नया मामला दर्ज किया था। आरोप है कि बैंक से लिए गए ऋण का दुरुपयोग किया गया और फर्जी लेनदेन के जरिए फंड को डायवर्ट किया गया।
