Blood Moon 2025: चंद मिनटों में लगने जा रहा है चंद्र ग्रहण, आसमान में लाल रंग के नजर आएंगे चंदा मामा

punjabkesari.in Sunday, Sep 07, 2025 - 09:54 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आज शाम देशभर के लोग एक दुर्लभ और बेहद खूबसूरत खगोलीय घटना के गवाह बनेंगे। 7 सितंबर की रात को साल 2025 का आखिरी पूर्ण चंद्र ग्रहण (Total Lunar Eclipse) लगेगा। इस दौरान चांद का रंग लाल नजर आएगा, जिसे आमतौर पर ‘ब्लड मून’ कहा जाता है।

कब और कैसे दिखेगा ग्रहण?

नेहरू तारामंडल, दिल्ली की कार्यक्रम समन्वयक प्रेरणा ने बातचीत में बताया कि चंद्र ग्रहण की शुरुआत रात 9:58 बजे होगी। इसके बाद करीब 11:00 बजे पूर्ण चंद्र ग्रहण की स्थिति बनेगी और यह घटना रात 1:26 बजे खत्म होगी। इस खगोलीय घटना की कुल अवधि 3 घंटे 27 मिनट रहेगी।

क्यों होता है चंद्रमा लाल?

प्रेरणा ने बताया कि जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा एक सीधी रेखा में आ जाते हैं, तो पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है। इस दौरान सूर्य की लाल-नारंगी किरणें पृथ्वी के वायुमंडल से गुजरकर चंद्रमा पर पहुंचती हैं, जिससे चंद्रमा लाल रंग का दिखाई देता है। इसी कारण इसे ब्लड मून भी कहा जाता है।

क्या दिल्ली में दिखाई देगा चंद्र ग्रहण?

प्रेरणा के मुताबिक, दिल्ली में मौसम पिछले कुछ दिनों से साफ नजर आ रहा है, हालांकि कुछ बादल हो सकते हैं। फिर भी उम्मीद है कि ग्रहण का दृश्य साफ तौर पर नजर आएगा। नेहरू तारामंडल में टेलीस्कोप और स्क्रीन की व्यवस्था की गई है, जिससे लोग इस नजारे का आनंद ले सकें।

नग्न आंखों से देख सकते हैं चंद्र ग्रहण

प्रेरणा ने बताया कि चंद्र ग्रहण को खुली आंखों से देखना पूरी तरह सुरक्षित है। इसके लिए किसी विशेष उपकरण की जरूरत नहीं होती। यह सूर्य ग्रहण से अलग होता है, जहां विशेष फिल्टर की आवश्यकता होती है।

तारामंडल में फ्री एंट्री

इस विशेष अवसर पर नेहरू तारामंडल में आम लोगों के लिए फ्री एंट्री रखी गई है। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोग वहां जाकर इस खगोलीय घटना का वैज्ञानिक तरीके से अवलोकन कर सकते हैं।

विज्ञान के नजरिए से खास दिन

प्रेरणा ने कहा कि यह दिन विज्ञान और खगोल प्रेमियों के लिए बेहद खास है। इतने लंबे समय बाद ऐसी खगोलीय घटना देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि इस मौके को शैक्षणिक संस्थानों और आम जनता के साथ मिलकर सेलिब्रेट किया जाता है, ताकि लोग इसे समझ सकें और खगोल विज्ञान में रुचि लें।

भारत समेत कई देशों में दिखेगा ग्रहण

यह पूर्ण चंद्र ग्रहण न केवल भारत में, बल्कि ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और यूरोप के कुछ हिस्सों में भी दिखाई देगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News