Low Blood Pressure: अचानक बीपी लो होने पर अपनाएं ये आसान उपाय, जो तुरंत देंगे राहत और बचा सकते हैं आपकी जान!
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 07:38 PM (IST)
नेशनल डेस्कः देशभर में लोग हाई बीपी के साथ-साथ लो ब्लड प्रेशर की समस्या से भी परेशान हैं। अचानक चक्कर आना, कमजोरी या आंखों के सामने अंधेरा छा जाना जैसी स्थिति में समय पर सावधानी न बरती जाए तो गंभीर परिणाम भी हो सकते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप घर पर ही तुरंत राहत पा सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, लो बीपी के दौरान कुछ घरेलू उपाय अपनाकर तुरंत राहत पाई जा सकती है।
नमक और चीनी का मिश्रण
अगर अचानक ब्लड प्रेशर गिर जाए, तो एक गिलास पानी में थोड़ा नमक और एक चम्मच चीनी मिलाकर पीना मददगार हो सकता है। नमक शरीर में सोडियम की मात्रा बढ़ाता है, जिससे ब्लड वॉल्यूम और प्रेशर थोड़े समय के लिए सामान्य हो सकते हैं। वहीं, चीनी तुरंत ऊर्जा देने का काम करती है। ध्यान रहे, यह तरीका केवल अस्थायी राहत देता है और सुधार होने के बाद डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
ब्लैक कॉफी या स्ट्रॉन्ग चाय
आराम करने के बाद एक कप ब्लैक कॉफी या स्ट्रॉन्ग चाय पीने से भी ब्लड प्रेशर में अस्थायी बढ़ोतरी हो सकती है। इसमें मौजूद कैफीन दिल की धड़कन को सक्रिय करता है। यह उपाय खासकर उन लोगों के लिए लाभदायक है जिन्हें कभी-कभी लो बीपी की समस्या होती है।
पैरों को ऊंचा करके लेटना
लो बीपी के दौरान पीठ के बल लेटकर पैरों को तकिए, कुर्सी या दीवार पर ऊंचा करना फायदेमंद होता है। इससे खून तेजी से दिल और दिमाग की ओर जाता है, जिससे ब्लड प्रेशर सामान्य होने में मदद मिलती है।
बार-बार लो बीपी की समस्या पर ध्यान दें
विशेषज्ञों का कहना है कि ये उपाय केवल प्राथमिक राहत के लिए हैं। यदि कोई व्यक्ति बार-बार लो बीपी का शिकार होता है, तो यह हार्मोनल असंतुलन, दिल की समस्या, संक्रमण या दवाओं के साइड इफेक्ट का संकेत हो सकता है। ऐसे में समय पर डॉक्टर से जांच कराना बेहद जरूरी है। इसके अलावा घर में बीपी मॉनिटर रखना, पर्याप्त पानी पीना, संतुलित आहार लेना और लंबे समय तक खाली पेट न रहना भी ब्लड प्रेशर को संतुलित बनाए रखने में मदद करता है।
