Lok Sabha Elections 2024: PM मोदी का कोयंबटूर में Road Show, सड़कों के दोनों ओर उमड़ा जनसैलाब

punjabkesari.in Monday, Mar 18, 2024 - 06:38 PM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दक्षिण भारत के दौरे की कड़ी में तमिलनाडु के कोयंबटूर पहुंचे। यहां उन्होंने एक रोड शो किया। इस दौरान सड़कों के दोनों तरफ पीएम मोदी को देखने के लिए जनता का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों ने जमकर मोदी-मोदी के नारे लगाए। इससे पहले तमिलनाडु की स्टालिन सरकार ने कोयंबटूर में प्रधानमंत्री के रोड शो को अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसे बीजेपी ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। जहां तमिलनाडु सरकार को झटका देते हुए हाईकोर्ट ने पीएम मोदी के रोड शो को मंजूरी दे दी थी।

बता दें कि पांच राज्यों के अलावा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में लोकसभा की एक सीट है। कुल 543 लोकसभा सीटों में से दक्षिण भारत में 131 सीट हैं। भाजपा 2011 में पुडुचेरी के अलावा आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। हालांकि उसने 28 में से 25 सीटें जीतकर कर्नाटक में बड़ी जीत दर्ज की थी और तेलंगाना में 17 में से चार सीटें जीतकर पहली बार प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। पार्टी पूरे क्षेत्र में बढ़त बनाने की कोशिश कर रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए उसने आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में नए गठबंधन बनाए हैं।

मोदी ने भाजपा को 370 सीटें और उसके नेतृत्व वाले गठबंधन को 400 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य की घोषणा संसद में की थी। इसके लिए पार्टी कर्नाटक के अलावा बाकी क्षेत्रों में भी प्रभावी बढ़त हासिल करने में जुटी हुई है। प्रधानमंत्री ने चुनाव से पहले कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करते हुए क्षेत्र में कई जनसभाओं को संबोधित किया। लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा शनिवार को हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News