ओडिशा में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, हनुमान जयंती पर संबलपुर में हुई हिंसा पर भड़के प्रधान

punjabkesari.in Thursday, Apr 13, 2023 - 07:57 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने हनुमान जयंती के मौके पर निकाली गई रैली के दौरान संबलपुर में हुई हिंसा को लेकर बृहस्पतिवार को ओडिशा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति ‘पूरी तरह से चरमरा गई' है। बुधवार को हुई हिंसा में कम से कम 10 पुलिसकर्मी घायल हो गये थे। संबलपुर में बुधवार को हुई हिंसा को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण'' घटना करार देते हुए प्रधान ने कहा कि उन्हें दुख है कि पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया और दस पुलिसकर्मी घायल हो गये।

सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) की प्रवक्ता श्रीमयी मिश्रा ने प्रधान से ओडिशा में कानून व्यवस्था की स्थिति का राजनीतिकरण नहीं करने का आग्रह किया। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिस अधिकारी भी घायल हो गईं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि हिंसा में पुलिसकर्मियों का घायल होना राज्य में ‘कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने' का स्पष्ट मामला है।

केंद्रीय मंत्री ने की राज्य सरकारी की निंदा 
प्रधान ने कहा कि राज्य सरकार संबलपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है, जहां लंबे समय से हनुमान जयंती समारोह आयोजित किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस के अलावा, कई गरीब और निर्दोष लोगों पर भी हमला किया गया और जिसमें वे घायल हो गये। उन्होंने कहा कि प्रशासन को संबलपुर में शांति बहाल करने की हर संभव कोशिश करनी चाहिए। प्रधान ने राज्य सरकार पर ‘‘अक्षम'' होने का आरोप लगाते हुए उसकी निंदा की। उन्होंने कहा, ‘‘हिंसा में पुलिसकर्मियों के घायल होने के बाद ओडिशा सरकार की अक्षमता उजागर हो गई है।'' उन्होंने संबलपुर के लोगों से इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की।

हनुमान जयंती की रैली पर पथराव 
इस बीच बीजद प्रवक्ता मिश्रा ने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को बनाये रखने और शांति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। मिश्रा ने कहा, ‘‘ऐसी संवेदनशील स्थिति में केन्द्र सरकार में एक जिम्मेदार मंत्री होने के नाते मैं आपसे कानून-व्यवस्था का राजनीतिकरण करने के बजाय शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। ओडिशा के लोग शांतिप्रिय लोग हैं और ओडिशा एक शांतिपूर्ण राज्य है।'' संबलपुर में बुधवार की शाम हनुमान जयंती मनाने के लिए निकाली गई बाइक रैली पर कथित तौर पर पथराव के बाद वहां हिंसा भड़क गई थी। हिंसा के दौरान कुछ दुकानों और कई दोपहिया वाहनों में आग लगा दी गई जबकि कई कारों को नुकसान पहुंचाया गया था। हनुमान जयंती ओडिशा में ‘महा विशुवा संक्रांति' पर मनायी जाती है जो इस साल 14 अप्रैल को होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News