कुमारस्वामी सरकार आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र लेकर आए : येदियुरप्पा

punjabkesari.in Tuesday, Jul 03, 2018 - 10:00 PM (IST)

बेंगलुरु : कर्नाटक में विपक्ष भाजपा ने मांग की है कि मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी पांच जुलाई को बजट पेश करने से पहले राज्य की आर्थिक स्थिति पर ‘श्वेत पत्र’ लेकर आएं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने कांग्रेस - जद (एस) गठबंधन पर भी हमला किया और इसे सत्ता की खातिर बना ‘नापाक गठबंधन’ करार दिया। येदियुरप्पा ने कहा , ‘मैं मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि बजट पेश करने से पहले , राज्य की आर्थिक हालत पर श्वेत पत्र पेश करें।’ वह विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि राज्य पर करीब 2.38 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है। येदियुरप्पा ने कहा ,‘इसे वापस करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। लोक निर्माण और सिंचाई विभाग के 10,000 करोड़ रुपए के बिल लंबित हैं।’ उन्होंने कहा कि पार्टी यह देखेगी कि क्या मुख्यमंत्री ने 53,000 करोड़ रुपए के किसानों का कर्ज माफ करने का अपना बजट पूर्व वायदा पूरा किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर वायदों को पूरा नहीं किया गया तो भाजपा और इसके 104 विधायक कांग्रेस और जद (एस) के चुनाव घोषणा पत्रों के साथ जनता के बीच जाएंगे।

उन्होंने कहा कि लोगों ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को खारिज कर दिया , लेकिन 224 सदस्य विधानसभा में 37 विधायकों की पार्टी का नेता मुख्यमंत्री बन गया। यह हमारा दुर्भाग्य है। यह सत्ता में रहने के लिए हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की हत्या है। येदियुरप्पा ने कांग्रेस और जद (एस) पर भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए ‘नापाक गठबंधन’ बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे बीआर आंबेडकर का अपमान बताया। उन्होंने राज्यपाल के संबोधन को भी ‘दिशाहीन’ बताया। येदियुरप्पा ने कहा कि सरकार का एक रिमोट कंट्रोल दिल्ली में (कांग्रेस आला कमान) है जबकि दूसरा पद्मनाभनगर (बेंगलुरू में देवगौड़ा का आवास) है। कुमारस्वामी ने आरोपों से इनकार किया और सबूत मांगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News