Kidney Disease Symptoms: सावधान! शरीर में दिखने वाले ये 10 मामूली संकेत हो सकते हैं kidney failure की निशानी

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 11:16 AM (IST)

Kidney Disease Symptoms: शरीर में मौजूद किडनी एक फिल्टर की तरह काम करती है। किडनी खून से गंदगी साफ कर हमें सेहतमंद रखती है। अक्सर लोग किडनी की बीमारी को तब पहचानते हैं जब मामला काफी बिगड़ चुका होता है। मेडिकल भाषा में इसे Silent Killer भी कहा जाता है क्योंकि इसके लक्षण शुरुआत में बहुत मामूली लगते हैं। आइए जानते हैं कि किडनी खराब होने पर दर्द कहां महसूस होता है और वे कौन से 10 संकेत हैं जिन्हें नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।

किडनी में दर्द: आखिर दर्द होता कहां है?

कई लोग कमर दर्द और किडनी के दर्द में फर्क नहीं कर पाते। किडनी का दर्द आमतौर पर पीठ के निचले हिस्से में नहीं, बल्कि पसलियों के ठीक नीचे महसूस होता है।

  • यह दर्द रीढ़ की हड्डी के दोनों तरफ या किसी एक तरफ हो सकता है।
  • यह अक्सर गहरा और स्थिर होता है, जो कभी-कभी पेट के निचले हिस्से या जांघों की तरफ भी महसूस हो सकता है।
  • अगर दर्द के साथ बुखार या कंपकंपी हो, तो यह किडनी इन्फेक्शन का संकेत हो सकता है।

PunjabKesari

किडनी खराब होने के 10 बड़े संकेत

  1. पेशाब की आदतों में बदलाव: रात में बार-बार पेशाब आना या पेशाब की मात्रा में अचानक कमी आना किडनी की कार्यक्षमता घटने का प्राथमिक संकेत है।
  2. पेशाब में झाग या खून: अगर पेशाब में बहुत ज्यादा झाग बन रहा है, तो यह शरीर से प्रोटीन बाहर निकलने का लक्षण है। खून आना भी गंभीर समस्या की ओर इशारा करता है।
  3. शरीर में सूजन: किडनी जब सोडियम को बाहर नहीं निकाल पाती, तो पैरों, टखनों और हाथों में सूजन आने लगती है। सुबह के वक्त आंखों के नीचे सूजन दिखना भी इसका एक मुख्य संकेत है।
  4. अत्यधिक थकान: किडनी लाल रक्त कोशिकाओं को बनाने वाले हार्मोन कम बनाती है, जिससे शरीर में खून की कमी हो सकती है और आप थका हुआ महसूस करते हैं।
  5. त्वचा में खुजली और सूखापन: रक्त में मिनरल्स और पोषक तत्वों का संतुलन बिगड़ने पर त्वचा में गंभीर खुजली और रूखापन महसूस होने लगता है।
  6. सांस फूलना: शरीर में एक्स्ट्रा फ्लूइड जमा होने से वह फेफड़ों पर दबाव डालता है, जिससे थोड़ा चलने पर भी सांस फूलने लगती है।
  7. मुंह का स्वाद बिगड़ना: रक्त में टॉक्सिन्स बढ़ने के कारण खाने का स्वाद धातु  जैसा लगने लगता है और मुंह से दुर्गंध आने लगती है।
  8. उल्टी और जी मिचलाना: टॉक्सिन्स का लेवल बढ़ने से अक्सर सुबह के समय मतली या उल्टी की शिकायत रहती है।
  9. नींद में कमी: जब किडनी फिल्टर नहीं कर पाती, तो गंदगी खून में ही रह जाती है, जिससे रात में ठीक से नींद नहीं आती।
  10. मांसपेशियों में ऐंठन: शरीर में कैल्शियम और फास्फोरस का संतुलन बिगड़ने से पैरों या अन्य अंगों की मांसपेशियों में तेज ऐंठन महसूस हो सकती है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News