UAE में भारतीय युवती की दहेज के लिए हत्या! गला दबाया व पेट पर लातें मारी, फ्लैट से मिली लाश

punjabkesari.in Monday, Jul 21, 2025 - 06:10 PM (IST)

International Desk: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में केरल की एक 29 वर्षीय भारतीय महिला अतुल्य शेखर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। अतुल्य की शादी 2014 में कोल्लम के रहने वाले सतीश से हुई थी और शादी के बाद वह सतीश के साथ यूएई शिफ्ट हो गई थी।परिवार का आरोप है कि अतुल्य के पति ने दहेज के लिए उसे लगातार प्रताड़ित किया। मां के अनुसार 18 से 19 जुलाई के बीच सतीश ने अतुल्य का गला दबाया, पेट पर लात मारी और सिर पर प्लेट से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

 

अतुल्य की मां ने दावा किया कि शादी में सतीश को करीब 40 से ज्यादा सोने के गहने और बाइक दहेज में दी गई थी। इसके बावजूद अतुल्य को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शारजाह पुलिस ने अब सतीश के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में केरल की ही एक और महिला विपंचिका मनियान और उसकी एक साल की बेटी की भी शारजाह के एक अपार्टमेंट में मौत हो गई थी।

 

उस मामले में भी महिला के परिवार ने ससुराल वालों पर मानसिक उत्पीड़न और दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया था। इस घटना ने एक बार फिर से यह सवाल खड़ा कर दिया है कि भारत में दहेज हत्या के मामले तो आम हैं ही, अब विदेशों में रह रही भारतीय महिलाओं को भी इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News