केरलः कन्नूर में पुलिसवाले ने दिखाया वर्दी का रौब, तेल के पैसे मांगने पर 1 पेट्रोलपंप कर्मी को 1 किमी तक घसीटा

punjabkesari.in Monday, Jul 15, 2024 - 08:23 PM (IST)

नेशलन डेस्कः केरल के कन्नूर जिले में पुलिसकर्मी ने ईंधन का पैसा मांगे जाने पर पेट्रोल पंप कर्मी को टक्कर मार दी, जिससे वह बोनट पर गिर गया और इस हालत में उसे व्यस्त मार्ग पर एक किलोमीटर तक ले गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे सेवा से निलंबित कर दिया गया है।

कन्नूर नगर के पुलिस आयुक्त अजित कुमार ने कहा कि आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि रविवार को पुलिस वाहन का चालक ईंधन भरवाने के बाद कथित रूप से बिना पैसे दिए जाने लगा और रोके जाने पर उसने अनिल नाम के पेट्रोल पंप कर्मी पर हमला कर दिया।

घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि व्यक्ति गाड़ी की बोनट पर है और कार ने तेज गति में राजमार्ग पर करीब एक किलोमीटर की दूरी तय की। वीडियो में, देखा जा सकता है कि अनिल की आरोपी के. संतोष कुमार के साथ बहस हो रही है।

इस बीच, चालक ने अचानक कार आगे बढ़ा दी, जिससे पेट्रोल पंप कर्मी टक्कर लगने से वाहन के बोनट पर गिर गया। चालक व्यस्त मार्ग पर वाहन को करीब एक किमी तक ले गया। इस घटना में अनिल के हाथों में चोटें आई हैं। उसने नगर पुलिस थाने में एक शिकायत दायर की।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News