Heavy Rain Alert: मूसलाधार बारिश के साथ 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, IMD का अलर्ट जारी

punjabkesari.in Friday, Apr 18, 2025 - 05:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम ने अचानक रुख बदल लिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 2 से 3 दिनों तक तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों तक मौसम बिगड़ने के संकेत हैं। खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के साथ 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और बर्फबारी तक की संभावना जताई गई है। IMD ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है, जबकि प्रशासन को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।

उत्तर भारत में मौसम का मिजाज

Delhi NCR, UP, Bihar, Rajasthan, Haryana Punjab में चेतावनी

उत्तर भारत के कई राज्यों में फिलहाल गर्मी चरम पर है लेकिन अब मौसम अचानक करवट ले सकता है।
दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में 60-70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना है।

  • उत्तर प्रदेश के 45 जिलों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

  • बिहार में पटना, गया, भागलपुर समेत अन्य जिलों में बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।

  • राजस्थान में बीकानेर, चूरू, फलोदी, बाड़मेर जैसे शहरों में भीषण गर्मी के बाद 18-19 अप्रैल को धूलभरी आंधी चल सकती है। बारिश की संभावना कम है लेकिन हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

  • दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, वहीं शाम को आंधी और हल्की बारिश से गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

पहाड़ी राज्यों का हाल

Jammu Kashmir, Himachal और Uttarakhand में बारिश और बर्फबारी का खतरा

  • उत्तराखंड में देहरादून, टिहरी, नैनीताल, उत्तरकाशी, चंपावत जैसे जिलों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और ओलावृष्टि व बिजली गिरने की आशंका है।

  • हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, लाहौल स्पीति जैसे इलाकों में 18-19 अप्रैल को बर्फबारी और बारिश दोनों की संभावना जताई गई है।

  • जम्मू-कश्मीर में भी तेज बर्फबारी, बारिश और आंधी के चलते अगले तीन दिन सतर्क रहने की जरूरत है।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत भी प्रभावित

  • सिक्किम, असम, नागालैंड, मिजोरम जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी।

  • कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु जैसे दक्षिण भारत के हिस्सों में भी तेज आंधी, भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

  • अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य भारत में मौसम का हाल

  • मध्य प्रदेश में भी हल्की बारिश के आसार हैं।

  • भोपाल में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज किया गया है।

  • छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है।

क्या आ गया प्री-मानसून?

आईएमडी के अनुसार पूर्वी भारत, मध्य भारत और दक्षिण भारत के कुछ भागों में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं।

  • बंगाल, ओडिशा, एमपी का पूर्वी भाग, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में अगले दिनों में बारिश की संभावनाएं हैं।

  • जून से सितंबर 2025 के मानसून सीजन में सामान्य से अधिक (105%) वर्षा होने की संभावना है।

हीटवेव, हॉट डे और सनबर्न से सतर्क रहें

  • हीटवेव तब होती है जब तापमान लगातार 3 दिन तक औसत से काफी ऊपर चला जाए। इस दौरान बुखार, उल्टी, थकान, पानी की कमी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

  • हॉट डे तब माना जाता है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर और न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक हो।

  • सनबर्न सूरज की तेज यूवी किरणों से होता है, जिससे त्वचा पर लाल धब्बे, सूजन, जलन हो सकती है।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान
पटना 24°C 30°C
भोपाल 27°C 39°C
जयपुर 30°C 42°C
लखनऊ 26°C 36°C
दिल्ली 23°C 39°C
मुंबई 27°C 32°C
देहरादून 18°C 31°C
शिमला 12°C 26°C
कश्मीर 5°C 18°C

क्या करें, क्या न करें?

बाहर निकलते समय छाता या रेनकोट रखें
ज्यादा पानी पीएं और हल्का खाना खाएं
तेज हवाओं और ओलों से बचने के लिए सुरक्षित स्थान पर रहें
आकाशीय बिजली के समय पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे न जाएं
दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में न निकलें
सनस्क्रीन और धूप का चश्मा लगाना न भूले

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News