Heavy Rain Alert: अगले 24 घंटे में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की बड़ी चेतावनी
punjabkesari.in Thursday, Apr 10, 2025 - 04:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जहां बीते कुछ दिनों तक लोग भीषण गर्मी से परेशान थे अब वहीं मूसलाधार बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि से राहत तो मिली है लेकिन आफत भी कम नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। आने वाले 24 से 72 घंटे इन राज्यों के लिए काफी अहम साबित हो सकते हैं।
दिल्ली-NCR में तेज बारिश का अनुमान, हीटवेव से राहत की उम्मीद
राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 10 से 12 अप्रैल के बीच गरज के साथ बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बारिश के चलते राजधानी में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान भी गिरकर 20 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। इससे लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिलेगी लेकिन तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
यूपी में बेमौसम बारिश का कहर, पांच की मौत
उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने से हालात बिगड़ गए हैं। बीते 24 घंटों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। कई जगहों पर ओलावृष्टि, आंधी और तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लखनऊ स्थित मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि गुरुवार को भी कौशांबी, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, लखनऊ, बाराबंकी और रायबरेली में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है। विभाग ने इन जिलों के लिए चेतावनी जारी की है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर, आंधी और बारिश का अलर्ट
राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके चलते बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा सहित कई जिलों में तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। 11 और 12 अप्रैल को इस विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा रहेगा। इन दो दिनों में राजस्थान के कई हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। मौसम विभाग ने जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभागों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है।
बिहार में झमाझम बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं की चेतावनी
बिहार के लगभग सभी जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान जोरदार बारिश का अनुमान है। पटना सहित कई जगहों पर बारिश शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। 11 अप्रैल तक पूरे राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान खेतों में खड़ी फसल को नुकसान हो सकता है और लोगों को बिजली गिरने से बचने के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है।
#WATCH | Rain lashed parts of Patna, Bihar. pic.twitter.com/wVyef0zsIG
— ANI (@ANI) April 10, 2025
झारखंड में ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी
झारखंड के कई हिस्सों में भी खराब मौसम ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने राज्य के पूर्वी, पश्चिमी और मध्य हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रांची मौसम केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार कुछ इलाकों में ओलावृष्टि, तेज गरज के साथ बारिश और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी हिस्सों में अधिक प्रभाव देखा जा सकता है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में भी तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। किसानों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है क्योंकि यह मौसम उनकी फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है।
तापमान में गिरावट से मिलेगी राहत लेकिन खतरा भी
इस बदले हुए मौसम से एक ओर जहां गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर तेज हवाएं, ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग गैर-ज़रूरी यात्रा से बचें, पेड़ों और खंभों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
मौसम से जुड़े जरूरी सुझाव
-
घर से बाहर निकलते समय मौसम की ताजा जानकारी लें
-
मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को चार्ज रखें
-
बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान में न रहें
-
खेतों में काम कर रहे किसानों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए
-
बच्चों और बुजुर्गों को तेज हवाओं से बचाकर रखें