14 साल बाद JVM का भाजपा में होगा विलय, बाबूलाल मरांडी ने किया ऐलान

punjabkesari.in Tuesday, Feb 11, 2020 - 08:16 PM (IST)

रांचीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से नाता तोड़ने के 14 साल बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को भगवा पार्टी में अपनी वापसी की घोषणा की। मरांडी ने घोषणा की कि झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) तत्काल प्रभाव से भाजपा में अपना विलय करेगी। मरांडी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘औपचारिक विलय समारोह 17 फरवरी को भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और भाजपा उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर की उपस्थिति में जगन्नाथपुर मैदान में होगा। इस मैदान को प्रभात तारा मैदान नाम से भी जाना जाता है।''

उन्होंने कहा कि जब झाविमो की बैठक में विलय के प्रस्ताव को पेश किया गया तब पार्टी के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, कार्यकारी समिति के सदस्य मौजूद थे। झाविमो के तीन विधायक हैं लेकिन उनमें से दो, बंधु तिर्की और प्रदीप यादव ने बगावत कर दी है तथा बैठक के दौरान उन्हें पार्टी से निकालने का निर्णय लिया गया। इन दोनों विधायकों को बाहर का रास्ता दिखाये जाने के बाद मरांडी पार्टी के एकमात्र विधायक रह गये हैं। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 25 विधायक हैं।

पिछले साल दिसंबर में हुआ विधानसभा चुनाव झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस-राजद गठबंधन से हारने के बाद भगवा पार्टी राज्य में सत्ता से बेदखल हो गयी। विलय की घोषणा के साथ ही मरांडी की भाजपा में वापसी के बारे में चल रही विभिन्न अटकलों पर विराम लग गया है। मरांडी से 14 साल पहले अपनी पार्टी छोड़ने के बारे में जब पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘घर के अंदर भी मतभेद होते रहते हैं।' भाजपा ने मरांडी की पार्टी के विलय की घोषणा का स्वागत किया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने कहा, ‘‘ भाजपा झाविमो अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के प्रस्तावों का स्वागत करती है जिसे उसकी कार्यकारिणी समिति की बैठक में पारित किया गया।'' उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर तिर्की को निष्कासित किया गया, जबकि यादव को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मिलने तथा गोड्डा जिले में सीएए के विरोध में कांग्रेस प्रायोजित बैठक में शामिल होने एवं मरांडी की आलोचना करने को लेकर निष्कासित किया गया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News