झारखंड: धनबाद के आशीर्वाद टावर में लगी भीषण आग, अब तक 14 लोगों की मौत, 12 घायल

punjabkesari.in Tuesday, Jan 31, 2023 - 10:45 PM (IST)

धनबादः झारखंड के धनबाद जिले में शक्ति मंदिर रोड स्थित आशीर्वाद अपार्टमेंट में मंगलवार शाम लगी भीषण आग में 14 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए। राज्य की राजधानी रांची से करीब 160 किलोमीटर दूर धनबाद में जोड़ाफाटक इलाके के आशीर्वाद टावर में शाम छह बजे आग लगी। 

झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने मीडिया को बताया कि आशीर्वाद अपार्टमेंट के एक फ्लैट में विवाह का कार्यक्रम चल रहा था और आशंका है कि इसी दौरान दीपक के कारण लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे बच्चों एवं महिलाओं समेत 14 लोगों की मौत हो गई। 

उन्होंने बताया कि इस घटना में 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सुखदेव सिंह ने बताया कि अग्निशमन दल ने रात्रि लगभग नौ बजे तक आग पर काबू पा लिया, लेकिन राहत एवं बचाव का कार्य अभी जारी है। उन्होंने बताया कि मृतकों की संख्या में वृद्धि की आशंका है। इससे पहले, धनबाद के उपायुक्त संदीप सिंह ने कहा था कि आग लगने की घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है। उन्होंने साथ ही कहा था कि हताहतों की सटीक संख्या अभी पता नहीं चल पाई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News