Delhi weather update: जनवरी में सबसे ज्यादा बारिश, बुधवार को ठंड बढ़ेगी या मिलेगी राहत? जानिये लेटेस्ट अपडेट
punjabkesari.in Tuesday, Jan 27, 2026 - 11:58 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ नजर आने लगा है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। इसी बीच राजधानी दिल्ली में जनवरी महीने की पिछले चार सालों की सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, जिससे सर्दी और बढ़ गई है।
दिल्ली में चार साल का रिकॉर्ड टूटा
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में जनवरी 2026 के दौरान अब तक 24 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह जनवरी 2022 के बाद सबसे ज्यादा बारिश है। इससे पहले 8 जनवरी 2022 को जनवरी महीने में सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई थी। वहीं, इसी महीने 23 जनवरी को दिल्ली में 19.8 मिमी बारिश हुई थी।
बादलों से ढकी रही राजधानी, रेड अलर्ट जारी
मंगलवार (27 जनवरी) सुबह से ही दिल्ली के आसमान में घने बादल छाए रहे। मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी के कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया था। सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से थोड़ा नीचे दर्ज किया गया।
28 जनवरी से तापमान में होगी बढ़ोतरी
हालांकि दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे रहा, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार इसे पूरी तरह कोल्ड डे की श्रेणी में नहीं रखा गया है। IMD के अधिकारियों का कहना है कि 28 जनवरी से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। यह सर्दी के इस दौर का पहला ऐसा दिन है, जब ठंड के स्पष्ट संकेत दिखे हैं।
दिल्ली के किन इलाकों में कितनी बारिश हुई?
सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे के बीच कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई—
- पालम: 10.6 मिमी
- रिज क्षेत्र: 10.2 मिमी
- सफदरजंग: 4.2 मिमी
- लोधी रोड: 3.4 मिमी
- आर्यानगर: 3.8 मिमी
दोपहर बाद बारिश की रफ्तार धीमी पड़ी और 2:30 से 5:30 बजे के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई—
- पालम: 0.6 मिमी
- रिज: 1.2 मिमी
- आर्यानगर: 0.1 मिमी
- मयूर विहार: 1.0 मिमी
