Chandrayaan3 की सफलता पर ISRO चीफ एस सोमनाथ को RSS ने किया सम्मानित, सामने आया Video

punjabkesari.in Saturday, Aug 26, 2023 - 12:37 AM (IST)

नेशनल डेस्कः इसरो चीफ (ISRO Chief) एस सोमनाथ को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) ने सम्मानित किया है। आरएसएस ने बेंगलुरू स्थित कार्यालय में सोमनाथ को विशेष सम्मान दिया है। दरअसल, चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान3 की सफल लैंडिंग कराकर इसरो (ISRO) ने इतिहास रच दिया है। इसको लेकर देश दुनिया से बधाई संदेश और शुभकामनाएं मिल रही हैं।


इससे पहले आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर बुधवार को कहा था कि अब भारत विश्व को भौतिक और आध्यात्मिक दोनों प्रकार की प्रगति की राह पर अग्रसर करेगा। विश्व हिंदू परिषद ने भी चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की प्रशंसा की और इसका श्रेय इसरो के वैज्ञानिकों तथा ‘‘देश की सामूहिक ताकत'' को दिया।

भागवत ने कहा, ‘‘अभी तक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर कोई नहीं उतरा था, हमारे वैज्ञानिकों ने लंबे परिश्रम के बाद वहां सबसे पहले उतरने का सम्मान प्राप्त किया है। यह केवल देश के लिए ही नहीं, सारे विश्व की मानवता के लिए है।'' भागवत ने कहा कि सारी दुनिया को ‘वसुधैव कुटुंबकम' की दृष्टि से देखने वाला भारत विश्व को शांति और समृद्धि प्रदान करने की दिशा में अग्रसर हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे वैज्ञानिक कठोर परिश्रम से यह जो गौरव का क्षण हमारे लिए लाए हैं, उसके लिए हम उनके कृतज्ञ हैं और सारे वैज्ञानिकों का, उन्हें प्रोत्साहन देने वाले शासन-प्रशासन, सबका हम धन्यवाद करते हैं, हम उन सबका अभिनंदन करते हैं।'' उन्होंने कहा कि भारत विश्व को भौतिक और आध्यात्मिक दोनों प्रकार की प्रगति की राह पर अग्रसर करेगा, यह बात अब सत्य होने जा रही है।

संघ प्रमुख ने कहा, ‘‘स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव में यह एक वास्तविक अमृत वर्षा करने वाला क्षण हम सब लोगों ने अपनी आंखों से देखा है, इसलिए हम धन्य हैं। अब हम अपने कर्तव्य के लिए जागें, और आगे बढ़ें, इसकी आवश्यकता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सामर्थ्य, आवश्यक कला कौशल, आवश्यक दृष्टि, यह सब कुछ हमारे पास है। यह आज के इस प्रसंग ने सिद्ध कर दिया है। मैं फिर से एक बार सबका अभिनंदन करता हूं और हृदय से कहता हूं - भारत माता की जय।''

विहिप के कार्यवाहक अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा, ‘‘यह खुशी का दिन है क्योंकि भारत का चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरा है। इसके साथ ही भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला पहला देश बन गया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमारे देश की सामूहिक ताकत और हमारे वैज्ञानिकों की बुद्धिमत्ता, समर्पण, कौशल और लक्ष्य पर फोकस ने इसे सफल बना दिया है।''

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News